धर्मेंद्र पांडे
धर्मेंद्र पांडे
अगर आप लंबे समय से कहीं नौकरी कर रहे और अचानक वह जॉब आपसे छिन ली जाए या आपको किसी कारणवश छोड़ना पड़े तो शायद ये आपके लिए सबसे मुश्किल फैसलों में से एक होगा. खास करके तब जब पूरे परिवार की जिम्मेदारी आपके ऊपर हो. लेकिन धर्मेंद्र पांडे ने इसी मुश्किल रास्ते को चुना. 18 साल तक कॉर्पोरेट सेक्टर में नौकरी करने के बाद धर्मेंद्र ने ऑफिस पॉलिटिक्स के कारण इस्तीफा देकर नई शुरुआत करने का फैसला किया है और उन्हें इस बात का कोई अफसोस भी नहीं है. जबकि उनका पूरा परिवार उनकी कमाई पर निर्भर करता है. उन्होंने ये भी बताया कि उनके पास केवल छह महीने का आर्थिक बैकअप बचा हुआ है. इसके बावजूद उन्होंने नौकरी छोड़ दी. उनका कहना है कि इतने सालों में पहली बार उन्हें ऐसा लग रहा है कि वह सच में अपनी जिंदगी जी रहे हैं. उनके इस हिम्मत और सबसे ऊपर अपने आप को चुनने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
18 साल नौकरी की, फिर अचानक लिया बड़ा फैसला
धर्मेंद्र पांडे ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही अपनी 18 साल पुरानी कॉर्पोरेट नौकरी से इस्तीफा दिया है. हालांकि उन्होंने इस फैसले को आसान नहीं बताया, क्योंकि उनके परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है. इसके बावजूद उन्होंने जोखिम उठाया, क्योंकि उन्हें लगा कि अब अपने लिए कुछ नया करने का समय आ गया है. वीडियो में धर्मेंद्र ने बताया कि अपने करियर के दौरान उन्होंने कई कंपनियों में काम किया. वह कंपनी में ऑफिस के टाइम के बाद भी रुकते थे, जो नए कर्मचारी आते थे उनको ट्रेनिंग भी देते थे और मुश्किल हालात में टीम की जिम्मेदारी भी संभालते थे. इसके लिए वह बार-बार उम्मीद रखते थे कि उन्हें मेहनत का फल मिलेगा, लेकिन कई बार ऐसा हुआ कि उनसे पहले प्रमोशन दूसरे लोगों को मिल गया, जिसके लिए उन्होंने ऑफिस पॉलिटिक्स को जिम्मेदार ठहराया.
38 साल की उम्र में बदली सोच
धर्मेंद्र ने बताया कि इस साल 38 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद उन्होंने अपने भविष्य को लेकर गंभीरता से सोचना शुरू किया. उनकी 10 साल की एक बेटी है, माता-पिता की उम्र भी बढ़ रही है और उनके पास केवल छह महीने का खर्च चलाने लायक ही सेविंग बची है. इसके बावजूद उन्होंने खुद पर भरोसा किया और नौकरी छोड़ने का फैसला लिया. उन्होंने कहा कि उनके पास करोड़ों रुपये की बचत नहीं है. सिर्फ छह महीने का बैकअप है, लेकिन उन्हें पूरा विश्वास है कि 18 साल का अनुभव उनकी मौजूदा नौकरी से कहीं ज्यादा मूल्य रखता है.
लोगों को दिया प्रेरणादायक संदेश
वीडियो के आखिर में धर्मेंद्र पांडे ने लोगों से कहा कि हर व्यक्ति को अपनी स्किल्स और अनुभव की असली कीमत समझनी चाहिए. अगर खुद पर भरोसा हो और सही तैयारी के साथ आगे बढ़ा जाए, तो नए रास्ते बनाए जा सकते हैं. धर्मेंद्र ने बताया कि नौकरी के साथ-साथ वह पहले से ही अपना काम खड़ा करने की तैयारी कर रहे थे और अब उसी पर पूरा ध्यान दे रहे हैं. धर्मेंद्र पांडे अपने इंस्टाग्राम बायो में खुद को ऐसा व्यक्ति बताते हैं, जो नौकरीपेशा लोगों को उनकी नौकरी के साथ अतिरिक्त आय का जरिया बनाने में मदद करता है. इंस्टाग्राम पर उनके करीब 19.4 हजार फॉलोअर्स हैं और उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायल हो रहा है.
ये भी पढ़ें