Chamoli News
Chamoli News
उत्तराखंड के चमोली जनपद में एक वीडियो सामने आया है, जो एक मेडिकल शॉप की है. इसमें एक शख्स दुकान में बैठकर मेडिकल शॉप के संचालक से बातचीत कर रहा है, तभी वो बेहोश होकर गिर जाता है. इसके बाद मेडिकल शॉप का संचालक उसे सीपीआर देता है और उसकी जान बचाता है.
अचानक शख्स की बिगड़ी तबीयत-
चमोली के कर्णप्रयाग-सिमली रोड पर एक मेडिकल दुकान में एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा. बताया जा रहा है कि व्यक्ति के सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत थी.
दुकानदार ने CPR देकर बचाई जान-
मेडिकल संचालक ने बिना देर किए CPR देना शुरू किया. कुछ देर की कोशिश के बाद व्यक्ति की हालत में सुधार हुआ, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया. अब व्यक्ति की हालत सामान्य बताई जा रही है.
दुकानदार ने क्या बताया?
मामला कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र का है. मेडिकल संचालक कैलाश सती के मुताबिक, एक व्यक्ति दुकान के पास अपनी गाड़ी में बैठा था. उसे घबराहट और सीने में दर्द हुआ तो वह मेडिकल स्टोर पर आया. कैलाश सती ने उसकी बीपी जांची और डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी. इसी दौरान व्यक्ति अचानक पीछे की तरफ गिर पड़ा. व्यक्ति के गिरते ही मेडिकल संचालक ने बिना समय गंवाए उसे CPR देना शुरू किया. कुछ देर बाद व्यक्ति की हालत में सुधार दिखाई दिया. इसके बाद उसे वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया.
बुजुर्ग मां के साथ आया था युवक-
संचालक ने बताया कि उस वक्त व्यक्ति के साथ उसकी मां भी मौजूद थी. मेडिकल संचालक के मुताबिक, रात में जब वह व्यक्ति को देखने अस्पताल पहुंचे तो उसकी हालत सामान्य थी. मेडिकल संचालक की सूझबूझ और समय पर दी गई CPR से व्यक्ति को तत्काल मदद मिली. पूरी घटना मेडिकल दुकान में लगे CCTV कैमरे में भी कैद हुई है.
ये भी पढ़ें: