Chief Minister Yogi Adityanath Paid Tribute on the Birth Anniversary of Sardar Vallabhbhai Patel
Chief Minister Yogi Adityanath Paid Tribute on the Birth Anniversary of Sardar Vallabhbhai Patel
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आधुनिक भारत के शिल्पकार, 'लौह पुरुष', 'भारत रत्न' सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने समस्त प्रदेश वासियों को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' की हार्दिक बधाई दी.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरदार साहब का जीवन इस शाश्वत सत्य का उद्घोष है कि राष्ट्र की शक्ति उसकी एकता और एकता का सामर्थ्य 'राष्ट्र प्रथम' के भाव में निहित है. मां भारती की सेवा को समर्पित सरदार वल्लभ भाई पटेल का जीवन हमें 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा देता है.
सरदार पटेल ने राष्ट्रीय एकात्मता के लिए समर्पित किया जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस राष्ट्रीय एकात्मता के लिए 'भारत रत्न' लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया, उसे अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का पावन कर्तव्य है.
हमारी सरकार ने सुशासन को आधार बनाकर सामाजिक समरसता को किया सुदृढ़
मुख्यमंत्री ने लिखा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश में तुष्टीकरण, जातिवाद व परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का कार्य किया और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को कमजोर कर सामाजिक समरसता को आघात पहुंचाया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस परिस्थिति को बदला. हमने 'राष्ट्र प्रथम' की भावना और 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र को सुशासन को आधार बनाकर सामाजिक समरसता को सुदृढ़ किया तथा श्रद्धेय सरदार पटेल जी की अमूल्य विरासत को 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प से जोड़ा.
'राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम' के अटल संकल्प का बनें प्रतीक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि इसी संकल्प को जन-जन की चेतना और आचरण में उतारने का सामूहिक अवसर है- श्रद्धेय सरदार पटेल जी की जयंती एवं 'राष्ट्रीय एकता दिवस' पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी'. आइए, इस 'एकता दौड़' में सहभागी बनें. हमारा हर कदम राष्ट्र की अखंडता के प्रति समर्पण और 'राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम' के अटल संकल्प का प्रतीक बने. जय हिंद.