Chitrakoot Weather & Flood
Chitrakoot Weather & Flood
चित्रकूट जनपद से एक राहत भरी खबर आ रही है. अब मंदाकिनी नदी का जलस्तर घटता नजर आ रहा है और नदी खतरे के निशान से लगभग एक मीटर नीचे बह रही है. बारिश रुकने के बाद मंदाकिनी का पानी कम हुआ है, लेकिन अब बाढ़ का यही पानी यमुना नदी में जाकर मिल गया है. यमुना नदी के उफान पर होने की वजह से पानी के बैक मारने से राजापुर तहसील के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों के संपर्क मार्ग पर बाढ़ का पानी पहुंच गया है. इसके चलते एक दर्जन से ज्यादा गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से टूट गया है.
दरअसल कल तक मंदाकिनी खतरे के निशान से कहीं ऊपर बह रही थी. आपको बता दें कि मंदाकिनी नदी का स्तर कल खतरे के निशान 126 मीटर से ऊपर करीब 135 मीटर के आसपास था. लेकिन आज बारिश रुकने के बाद नदी का जलस्तर काफी कम हुआ है और अब मंदाकिनी खतरे के निशान से चार सेंटीमीटर नीचे बह रही है.
यमुना में पानी पहुंचने से बिगड़े हालात
मंदाकिनी नदी का बाढ़ का पानी अब चित्रकूट से होते हुए राजापुर में यमुना नदी तक पहुंच गया है. यमुना नदी पहले से ही उफान पर है, ऐसे में पानी के बैक मारने की वजह से राजापुर तहसील के कई इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है. सरधुआ से तिरहार जाने वाले मुख्य मार्ग पर भी बाढ़ का पानी आ गया है, जिससे राजापुर तहसील से जुड़े एक दर्जन से ज्यादा गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया है.
सरधुआ के अर्की मोड़ पर बाढ़ का पानी आने की वजह से आसपास बने घरों में भी पानी भर गया है. हालात को देखते हुए ग्रामीण अपने घरों का सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं. वहीं पहाड़ी ब्लॉक के कई गांवों में भी ऐसे ही हालात बने हुए हैं. पटिया और चौरा जैसे गांवों में बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया है. ऐसे में लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच रहे हैं.
एक दर्जन से ज्यादा गांवों का संपर्क टूटा
राजापुर तहसील के अर्की मोड़ में पानी आने की वजह से तिरहार के अर्की, बकता, बिहारवा, नैनी, गुरौला, सुरवल और भदेदूं गांव सहित एक दर्जन गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से टूट गया है. यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राजापुर तहसील प्रशासन के साथ डीएम और एसपी ने बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया है. प्रशासन की ओर से लोगों को अलर्ट करते हुए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की जा रही है.
हाई लेवल तक पहुंच सकता है जलस्तर
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग का कहना है कि राजापुर के चार से पांच संपर्क मार्गों पर बाढ़ का पानी आ गया है. कल मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ा था, वही पानी अब यहां पहुंच गया है. यहां डेंजर लेवल 88 मीटर है, जबकि जलस्तर अभी 91 मीटर तक पहुंच गया है. उम्मीद है कि यहां जलस्तर हाई लेवल तक पहुंच सकता है. जिलाधिकारी ने कहा कि लोग इंतजार न करें. जो भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र हैं, वहां से लोग अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच जाएं.
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें अलर्ट
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन की टीम अलर्ट मोड पर है. एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम को भी यहां लगाया गया है. जरूरत पड़ने पर जिन लोगों को आवागमन में दिक्कत होगी, उन्हें टीम के माध्यम से सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जाएगा.
ये भी पढ़ें