CJP का प्रदर्शन से लेकर बातचीत तक का रास्ता
CJP का प्रदर्शन से लेकर बातचीत तक का रास्ता
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन चल रहा था. लेकिन आज यानी 20 जुलाई को संसद चलो मार्च निकाला. प्रशासन भी पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट पर था. हजारों प्रदर्शनकारी संसद भवन की तरफ मार्च पर निकले. पुलिस ने रोकने की कोशिश की. आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया. कई जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की भी हुई. आखिरकार शाम होते-होते सीजेपी का डेलिगेशन केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिला. नड्डा ने प्रदर्शन खत्म करने की अपील की. CJP ने ज्ञापन भी सौंपा.
CJP के ज्ञापन में क्या है?
कॉकरोच जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा. सीजेपी ने सोनम वांगचुक को अस्पताल से रिहा करने, धर्मेंद्र प्रधान को हटाया जाए और नीट पेपर लीक के बाद खुदकुशी करने वाले अभ्यर्थियों के परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग की.
सीजेपी ने दिल्ली पुलिस से शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग को तुरंत बंद करने की मांग की.
जेपी नड्डा से मुलाकात में क्या हुआ?
केंद्रीय मंत्री जेपी न्डडा ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों से मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. जिसमें उन्होंने लिखा कि आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत करने का प्रस्ताव आया और सुबह 11 बजकर 50 मिनट से ही हमारी बातचीत जारी है. उन्होंने आगे लिखा कि सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुलाकात हुई. उनके डेलीगेशन के साथ विस्तार से पहले मौखिक चर्चा हुई और उनके द्वारा करीब 4 बजे मुझे लिखित याचिका दी गई. मैंने सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध किया कि वे अपने धरने को समाप्त करें और सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन की मदद करें.
दिल्ली पुलिस की अपील-
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने की अपील की. दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया और लिखा कि दिल्ली पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने और शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील करती है. सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करें. किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए कानूनी निर्देशों का पालन करें.
दिल्ली पुलिस ने लिखा कि जनता को सलाह दी जाती है कि किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अफवाहों, गलत जानकारी या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और न ही उन्हें फैलाएं. नागरिकों से अनुरोध है कि वे जानकारी के विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करें और शांति, सद्भाव व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का सहयोग करें.
CJP का संसद तक मार्च का आह्वान-
सीजेपी ने आज चलो संसद मार्च का आह्वान किया था. जिसके लिए जंतर-मंतर पर हजारों प्रदर्शनकारी जमा हुए. मेट्रो में भीड़ बढ़ गई. सीजेपी ने संसद तक मार्च लेकर चले. लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी. जब समर्थक आगे बढ़े तो पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई. प्रदर्शनकारियों ने संसद स्ट्रीट के पास लगे बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की. जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. शाम होते-होते भीड़ तितर-बितर हो गई.
ये भी पढ़ें: