scorecardresearch

CM Yogi: गरजे सीएम योगी! जमीन पर कब्जे की कोशिश की तो कब्र से भी निकाल लेंगे... अब प्रदेश में न कर्फ्यू है न दंगा, संभल में भी सब चंगा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने संभल में आयोजित एक जनसभा में कहा कि आज प्रदेश में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा' है, बल्कि संभल में 'सब चंगा' है. बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों की जगह जेल होगी. सीएम योगी ने अवैध कब्जा करने वालों को बड़ी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति आपकी जमीन पर कब्जे का प्रयास करेगा तो उसकी कब्र से भी निकाल लेंगे. किसी ने ऐसा प्रयास किया तो कुछ ही मिनट में उसका काम तमाम हो जाएगा.

CM Yogi Adityanath CM Yogi Adityanath

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने शनिवार को संभल में एक जनसभा को संबोधित किया. इस जनसभा में सीएम योगी ने भूमि कब्जा, कानून-व्यवस्था, विकास और धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. सीएम योगी ने अवैध कब्जा करने वालों को बड़ी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि यदि अगर कोई व्यक्ति आपकी जमीन पर कब्जे का प्रयास करेगा तो उसकी कब्र से भी निकाल लेंगे. किसी ने ऐसा प्रयास किया तो कुछ ही मिनट में उसका काम तमाम हो जाएगा.

सपा और कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना 
सीएम योगी ने जनसभा में सपा और कांग्रेस पर जमकर निशान साधा. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के अत्याचारों का खामियाजा गरीबों को भुगतना पड़ा. 10 हजार एकड़ कब्जामुक्त जमीन गरीबों में बांटने के लिए कहा गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सरकारी रिकॉर्ड नष्ट करने का काम किया, लेकिन सत्य को नष्ट नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि जिस तरह 500 वर्ष बाद अयोध्या में राम मंदिर बनकर तैयार हुआ, उसी तरह गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए देश और दुनिया भगवान कल्कि के दर्शन कर सकेगी. सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाते थे और रामनवमी यात्रा को रोकते थे, उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है. उन्हें हर कीमत पर सत्ता चाहिए. ऐसे लोगों पर लानत है.

संभल श्रीहरि विष्णु की है पवित्र धरा 
सीएम योगी ने कहा कि संभल श्रीहरि विष्णु की पवित्र धरा है. उन्होंने कहा कि 1526 में विदेशी आक्रांताओं ने इस पवित्र भूमि को अपवित्र किया. आक्रांता जब आते हैं तो वे केवल खजाना ही नहीं लूटते, बल्कि धर्म और संस्कृति को भी रौंदते हैं. उन्होंने कहा कि संभल के हरिहर मंदिर को तोड़ा गया, 68 तीर्थों को अपवित्र किया गया और 19 कूपों पर कब्जा कर लिया गया. संभल के अस्तित्व के साथ खिलवाड़ किया गया और लोगों को यातनाएं दी गई. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1976 और 1978 में संभल में दंगे हुए, जिनमें सैकड़ों लोगों की जान गई, लेकिन किसी को सजा नहीं मिली.

अब 24 कोसीय परिक्रमा को भी कोई नहीं रोक पाएगा 
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार है. संभल के 68 तीर्थों के पुनरुद्धार, 19 कूपों को पुनर्जीवित करने और 24 कोसीय परिक्रमा को आगे बढ़ाने का काम किया गया है. अब कोई इन कूपों पर कब्जा नहीं कर पाएगा और 24 कोसीय परिक्रमा को भी कोई नहीं रोक पाएगा. उन्होंने भगवान विष्णु की भूमि को नमन करते हुए कहा कि उन्हें 51 फीट ऊंची भगवान राम की प्रतिमा का अनावरण करने का सौभाग्य मिला है. इसके साथ ही संभलवासियों को 145 फीट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा और 51 फीट ऊंची प्रतिमा के अनावरण पर बधाई दी.

तुर्क की तुर्कई नहीं चलेगी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि साल 2017 से पहले कोई संभल का नाम लेने की हिम्मत नहीं करता था. आज संभल दोबारा मजबूती के साथ खड़ा हुआ है और अब संभल रुकने वाला नहीं है. यहां तुर्क की तुर्कई नहीं चलेगी. उन्होंने कहा कि संभल में एक ही छत के नीचे लोगों की सभी समस्याओं का समाधान होगा. संभल से दिल्ली और हरिद्वार की दूरी आसान कर दी गई है. सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी बेहतर होने से विकास और समृद्धि का रास्ता खुलता है. 

अब पूरी राशि सीधे पहुंचती है लाभार्थियों के खाते में 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर काम कर रहे हैं. पहले केंद्र से भेजे गए एक रुपए में से केवल 15 पैसे ही लोगों तक पहुंचते थे और बाकी राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी. अब प्रधानमंत्री मोदी 100 रुपए भेजते हैं तो पूरी राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंचती है. अगर कोई इस पैसे को हड़पने की कोशिश करेगा तो उसे जेल जाना पड़ेगा.

बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों की जगह जेल होगी
सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा' है, बल्कि संभल में 'सब चंगा' है. बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों की जगह जेल होगी. आज नियुक्ति पत्र वितरित किए जाते हैं तो संभल के युवा भी उसमें भागीदार बनते हैं. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले ऐसी सरकार नहीं थी, जो गरीबों के बारे में सोच सके. पहले प्रदेश में दंगे होते थे और दंगाइयों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें सम्मानित किया जाता था.