scorecardresearch

राम का मतलब राष्ट्र है- सीएम योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरासत का सम्मान करना प्रयागराज से ज्यादा कोई नहीं जानता. ये समता की भूमि है. जब भी देश के अंदर समता की बात होती है तो हम कहते हैं कि प्रयागराज जाओ और त्रिवेणी में डुबकी लगाओ. हर जाति, हर भाषा, हर क्षेत्र का व्यक्ति बिना भेदभाव के एक ही त्रिवेणी में स्नान करके समता का परिचय दे देता है.

CM Yogi Adityanath (Photo/PTI) CM Yogi Adityanath (Photo/PTI)

एक तरफ राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की बैठक हो रही है तो दूसरी तरफ इस मामले में किसी भी दोषी को ना बख्शने की बात कहने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीराम को भारत की आत्मा का मूल स्रोत बताया.

राम का मतलब राष्ट्र है- सीएम योगी
प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेरणा पार्क का लोकार्पण किया. इस पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अशोक सिंघल की कांस्य प्रतिमाएं स्थापित हैं. इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है और श्रीराम भारत की आत्मा के मूल स्रोत हैं. उन्होंने कहा कि राम का मतलब राष्ट्र है.

राम मंदिर अशोक सिंघल के संकल्प का नतीजा- सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज जो भव्य अयोध्या और श्रीराम मंदिर देश देख रहा है, वह अशोक सिंघल के संकल्प और सपने का परिणाम है. उन्होंने कहा कि 1980 और 1990 के दशक में राम मंदिर आंदोलन के दौरान पूरे देश में एक ही नारा गूंजता था- रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे. उन्होंने कहा कि उस समय एक और नारा युवाओं में जोश भरता था- मंदिर के काम न आए, ये जवानी बेकार है.

राम मंदिर आंदोलन ने राष्ट्रभावना को नई ऊर्जा दी- सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उस दौर के युवाओं ने अशोक सिंघल के नेतृत्व में पूरे देश में राम मंदिर आंदोलन का शंखनाद किया. उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन ने राष्ट्रभावना और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की.

हर बहन-बेटी की सुरक्षा का कमल खिला है- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि जब अंग्रेजों ने पूरे बंगाल को पाकिस्तान में देने की साजिश रची, इसके खिलाफ जो आवाज  मुखर हुई थी, वो आवाज कोई और नहीं थी, ये आवाज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की थी. उन्होंने कहा था कि पूरे बंगाल को पाकिस्तान का हिस्सा नहीं बनने देंगे. सीएम योगी ने कहा कि इस समय भारतीय जनसंघ के नए रूप भारतीय जनता पार्टी का कमल खिल रहा है और ये कमल केवल सत्ता का नहीं, बल्कि सम़द्धि का है, सुशासन का है, सुरक्षा का है और हर नागरिक के लिए, हर नौजवान के लिए, हर बहन-बेटी के लिए सुरक्षा का एक आश्वस्ति का समन्वय है.

ये भी पढ़ें: