scorecardresearch

इश्क करो पार्टी से लेकर रायता भारत पार्टी तक... देश के अजीबोगरीब नाम वाले सियासी दल

कॉकरोच जनता पार्टी के बाद सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस मार्कंडेय काटजू ने इश्क करो पार्टी बनाई है. उन्होंने इसे समस्याओं का समाधान करने वाला बताया है. ये दो पार्टियां ही अजीबोगरीब नाम वाली नहीं है. देश में कई ऐसी पार्टियां हैं, जिनका नाम आपको गुदगुदाएगा. कई ऐसे दल हैं, जिनका नाम सुनकर आप हंसे बिना नहीं रह सकते हैं.

Markandey Katju and cockroach janata party Markandey Katju and cockroach janata party

देश में कॉकरोच जनता पार्टी की चर्चा खूब हो रही है. इस पार्टी ने सोशल मीडिया पर धमाल मचा दिया. अब वो जमीन पर भी उतरने की कोशिश कर रही है. इस बीच एक और नई पार्टी की चर्चा हो रही है. सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस मार्कंडेय काटजू ने नई पार्टी बनाई है. काटजू ने पार्टी का नाम 'इश्क करो पार्टी' रखा है. इन दिनों नए-नए और अजीबोगरीब नाम सामने आनी सियासी दलों की चर्चा हो रही है. ऐसा नहीं है कि अजीबोगरीब नाम वाली ये ही दो पार्टियां हैं. देश में कई ऐसी पार्टियां हैं, जिनके नाम लोगों को गुदगुदाते हैं.

इश्क करो पार्टी-
कॉकरोच जनता पार्टी के चर्चा में आने के बाद पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने इश्क करो पार्टी बनाई है. काटजू के मुताबिक ये देश की गंभीर समस्याओं से निपटने का प्रयास करेगी. काटजू ने लिखा कि लोग इसे मजाक समझ सकते हैं. लड़कों और लड़कियों के बीच रोमांस को बढ़ावा देने के लिए एक तरह का वैलेंटाइन डे. उन्होंने कहा कि लेकिन यह पूरी तरह से गलतफहमी है. भारत की गरीबी, बच्चों को कुपोषण, बेरोजगारी और इस तरह की समस्याओं को एकता के जरिए खत्म किया जा सकता है.

गरीब आदमी पार्टी से तुम्हारी मेरी पार्टी तक-
देश की राजनीति में एक से बढ़कर एक सियासी दल हैं. देश में सैकड़ों ऐसी पार्टियां हैं, जिनका नाम सुनकर आपको हंसी आ जाएगी. इसमें गरीब आदमी पार्टी, अपनी जिंदगी अपना दल, तुम्हारी मेरी पार्टी, रायता भारत पार्टी, पिरामिड पार्टी ऑफ इंडिया जैसे दल शामिल हैं. इतना ही नहीं, लेमैन पार्टी, वोटर्स इंडिपेंडेंट पार्टी जैसी पार्टियां भी हैं.

देवता दल से लेकर राष्ट्रीय साफ नीति पार्टी तक-
अजीबोगरीब नाम वाली पार्टियों की लंबी लिस्ट है. इसमें देवता दल, अंजान आदमी पार्टी, भारतीय महापरिवार पार्टी, राष्ट्रीय साफ नीति पार्टी, बहुजन हसरत पार्टी जैसी पार्टियां हैं. इसके साथ ही सबसे बड़ी पार्टी, मजदूर किराएदार विकास पार्टी, इंडियन लवर्स पार्टी जैसे दल भी हैं.

देश में कितने सियासी दल?
देश में 2900 से अधिक राजनीतिक दल रजिस्टर्ड हैं. इनको राष्ट्रीय दल, राज्य दल और पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों में बांटा गया है. 6 सियासी दलों को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिला है. इसमें बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बीएसपी, सीपीआईएम और नेशनल पीपल्स पार्टी शामिल है. जबकि देश में 67 राज्य दल हैं. इसके साथ ही 2854 पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दल हैं.

ये भी पढ़ें: