scorecardresearch

फायर ब्रिगेड की गाड़ी से MLA के घर की धुलाई, वीडियो वायरल

गुजरात के दाहोद में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें एक विधायक के घर की साफ-सफाई में फायर ब्रिगेड की गाड़ी का इस्तेमाल किया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम का कहना है कि नियम के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement
Dahod News Dahod News

गुजरात के दाहोद जिले के देवगढ़ बारिया नगरपालिका की सरकारी फायर ब्रिगेड की गाड़ी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के पीछे वजह ये है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी से विधायक के घर पर साफ-सफाई हो रही है. ये विधायक बच्चू खाबड़ है. ये सिर्फ विधायक नहीं है, ये मंत्री भी रह चुके हैं. सोशल मीडिया पर यूजर्स तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं.

वायरल वीडियो में क्या है?
दाहोद जिले की देवगढ़ बारिया नगरपालिका के फायर ब्रिगेड का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आया, हर तरफ चर्चाएं शुरू हो गईं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि धानपुर तहसील के पीपेरो गांव में विधायक बच्चूभाई खाबड़ के निजी आवास पर फायर ब्रिगेड का दस्ता पानी से धोकर सफाई कर रहा है. आग या किसी भी आपात स्थिति में काम आने वाले इस सरकारी वाहन का इस्तेमाल निजी काम के लिए क्यों किया गया? इसे लेकर अब कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं. मामले के तूल पकड़ने के बाद अब नगरपालिका प्रशासन हरकत में आ गया है.

विधायक के बेटे के नाम काटी गई रसीद-
नगरपालिका से मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले में विधायक बच्चूभाई खाबड़ के बेटे बलवंत खाबड़ के नाम पर ₹2,700 की रसीद काटकर फीस वसूली गई है. नगरपालिका के चीफ ऑफिसर का कहना है कि पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ₹2,700 की रसीद काटे जाने के बाद अब देखना यह होगा कि चीफ ऑफिसर की जांच के बाद क्या यह साफ हो पाता है कि फायर ब्रिगेड का यह इस्तेमाल नियमों के तहत था या फिर सत्ता का दुरुपयोग?

5 अक्टूबर की घटना-
ये घटना 5 अक्टूबर की बताई जा रही है. नगर पालिका की इमरजेंसी फायर टेंडर का इस्तेमाल कथित तौर पर विधायक के बंगले की सफाई और धुलाई के लिए किया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है.

(गोस्वामी ध्रुव गिरी की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: