Arvind Kejriwal (Photo/PTI)
Arvind Kejriwal (Photo/PTI)
देश की राजधानी दिल्ली में लोगों के गायब होने को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार को निशाने पर लिया है. AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश की राजधानी में लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है. मात्र 15 दिनों में 807 लोगों का गायब होना चौपट हो चुकी सुरक्षा व्यवस्था का उदाहरण है. आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से सतर्क और सावधान रहने की भी अपील की है.
दिल्ली में लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे- केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर मीडिया रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि दिल्ली में सिर्फ 15 दिन में 807 लोग गायब हो गए, जिनमें सबसे ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं. ये हालात सामान्य नहीं, बेहद डराने वाले हैं. देश की राजधानी में लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है. दिल्ली में हर स्तर पर भाजपा के पास पूरी ताकत है, फिर भी दिल्ली इतनी असुरक्षित क्यों है?
लोगों से सावधान रहने की अपील-
उधर, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से सावधान रहने की अपील की है. पार्टी ने कहा है कि देश की राजधानी दिल्ली में पिछले 15 दिनों में 800 से ज्यादा लोग गायब हो गए हैं, इसमें से ज्यादातर बच्चियां हैं. आपके बच्चों की सुरक्षा करने में सरकार के चारों इंजन फेल हो गए हैं. इसलिए अपना और अपने बच्चों का ध्यान रखें. दिल्ली की कानून व्यवस्था आईसीयू में है. 1 से 15 जनवरी के बीच 807 लोग लापता हुए. हर दिन 54 लोग गायब हुए. दिल्ली से ऐसे भयानक आंकड़े सामने आ रहे, लेकिन कानून व्यवस्था का खिलौना बना चुकी भाजपा सो रही है.
लोग डर के साए में जीने को मजबूर- AAP
पार्टी ने कहा है कि दिल्ली में हर रोज दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं, सड़कों पर सरेआम मर्डर करके अपराधी फरार हो जाते हैं और दिल्ली पुलिस के बॉस अमित शाह को कोई फर्क नहीं पड़ रहा, चार इंजन की सरकार को ‘चारसौबीसी’ से फुर्सत नहीं और दिल्ली के लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं.
ये भी पढ़ें: