AAP Protest
AAP Protest
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों ने गैस सिलेंडर का पम्पलेट्स लेकर पैदल मार्च किया और 'नरेंद्र मोदी हुए सरेंडर, गायब हुआ गैस सिलेंडर' के नारे लगाए. इस दौरान आतिशी ने कहा कि उन्होंने ट्रंप के आगे सरेंडर कर दिया है और इसका खामियाजा पूरा देश भुगत रहा है. दिल्ली समेत देशभर में गैस सिलेंडर के लिए लंबी- लंबी लाइनें लग रही हैं.
पीएम मोदी की चुप्पी का खामियाजा भुगत रहा देश- आतिशी
आतिशी ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि उनकी 56 इंच की छाती है, लेकिन उन्होंने ट्रंप और अमेरिका के सामने सरेंडर कर दिया है. उनकी आवाज निकलनी बंद हो गई है और उसका खामियाजा दिल्ली वाले और देश की जनता भुगत रही है. आज पूरे देश में एक गैस सिलेंडर के लिए लंबी लंबी लाइनें लग रही हैं. पूरा देश यह जानना चाह रहा है कि 56 इंच की छाती वाले नरेंद्र मोदी कहां गए और आज आम लोग क्यों परेशान हो रहे हैं?
बीजेपी को सरकार चलानी नहीं आती है- आतिशी
आतिशी ने कहा कि इसी दिल्ली विधानसभा में भाजपा ने वादा किया था कि होली और दिवाली पर फ्री सिलेंडर देंगे और कई बार इसकी घोषणा भी की गई. अब इनकी फ्री सिलेंडर की तरकीब समझ में आई है कि सिलेंडर को गायब ही कर दो, ताकि सब कुछ फ्री हो जाए और पैसे देने ही न पड़ें. जब सिलेंडर मिलेगा ही नहीं, तो सब कुछ ही फ्री हो गया. उन्होंने कहा कि भाजपा वालों को सरकार चलानी नहीं आती है. केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री मोदी बिल्कुल फेल हैं. पीएम अमेरिका के आगे नतमस्तक हो गए हैं। उधर, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता एक लाख करोड़ रुपए के बजट से फायर विभाग को एक सीढ़ी नहीं दे पाईं.
देश में तबाही मची हुई है- संजीव झा
इस दौरान विधायक संजीव झा ने कहा कि पूरे देश में तबाही मची हुई है और लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं. आज देश के लोगों की सिर्फ एक ही गलती है कि उन्होंने नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री चुना. प्रधानमंत्री की गलत कूटनीति, गलत नीतियों और अमेरिका तथा ट्रंप के सामने सरेंडर होने के कारण आज देश के लोगों को गैस नहीं मिल रही है. लोग इस तपती धूप में लंबी लंबी लाइनें लगा रहे हैं और भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल रही है. आज मजदूरों के लिए कोरोना के समय से भी ज्यादा खराब स्थिति है, लेकिन केंद्र सरकार कुंभकर्ण की नींद सोई हुई है और इन्हें लोगों से कोई मतलब नहीं है.
ये भी पढ़ें: