AAP Leaders
AAP Leaders
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश कर उसे हर क्षेत्र में फेल बताया. पंजाब प्रभारी व दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रिपोर्ट कार्ड रखते हुए कहा कि भाजपा सरकार का एक साल दिल्लीवालों के साथ फर्जीवाड़े का रहा. रेखा गुप्ता सरकार ने पूरे साल दिल्ली की महिलाओं, प्रदूषण कंट्रोल, मिडिल क्लास, युवाओं, गरीबों समेत पूरी दिल्ली के साथ सिर्फ फर्जीवाड़ा किया. महिलाओं को 2500 रुपए देने का वादा पूरा नहीं किया, सबसे प्रदूषित दिल्ली का रिकॉर्ड बनाया, नकली यमुना बनाई और गरीबों की झुग्गियां तोड़ दी.
बीजेपी सरकार में नौकरी से निकाले गए 1 लाख नौजवान- सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार में नौकरी से निकाले गए एक लाख नौजवान घर में बैठ कर मातम मना रहे हैं, सड़कों में बने गड्ढे में गिर कर लोग अपनी जान गंवा रहे हैं और सीएम रेखा गुप्ता अपने एक साल कार्यकाल के पूरे होने का जश्न मना रही हैं. रेखा गुप्ता सरकार ने एक साल में दिल्ली के सरकारी स्कूल, अस्पताल, जलापूर्ति समेत सारी जन सुविधाओं को बदहाल कर दिया। लिहाजा, अब दिल्ली की जनता को अरविंद केजरीवाल की याद आ रही है.
शुक्रवार को AAP मुख्यालय पर दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, वरिष्ठ नेता व विधायक कुलदीप कुमार के साथ पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार की एक साल की विफलताओं पर जमकर हमला बोला. भाजपा सरकार के ‘एक साल, दिल्ली बेहाल, याद आ रहे केजरीवाल’ पोस्टर को प्रदर्शित कर मनीष सिसोदिया ने कहा कि एक साल पहले आज ही के दिन, 20 फरवरी 2025 को दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी थी. हम यह नहीं कह रहे कि एक साल में सब कुछ हो जाना चाहिए था या सब कुछ बदल जाना चाहिए था. लेकिन पिछले एक साल में दिल्ली के लोगों ने रेखा गुप्ता सरकार के कई फर्जीवाड़े देखे. एक तरह से पूरा एक साल दिल्ली के लोगों के साथ फर्जीवाड़े का रहा है.
महिलाओं को नहीं मिले 2500 रुपए- सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने सबसे पहला फर्जीवाड़ा दिल्ली की आधी आबादी, यानी महिलाओं के साथ किया. चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की आधी आबादी को 2500 रुपए हर माह देने की गारंटी दी थी. पीएम ने गारंटी देते वक्त कहा था कि यह मोदी की गारंटी है. मनीष सिसोदिया ने कहा कि रेखा गुप्ता की सरकार को एक साल भी पूरे हो गए, लेकिन मोदी जी की गारंटी पूरी करने के नाम पर उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकल रहा है.
प्रदूषण कंट्रोल में फर्जीवाड़ा- सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने दूसरा फर्जीवाड़ा पूरी दिल्ली के लोगों के साथ प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर किया. भाजपा की सरकार हाथ पर हाथ रखकर बैठी रही और पूरी दुनिया में इस बार सबसे खराब एक्यूआई दिल्ली ने झेला है. मनीष सिसोदिया ने कहा कि जब इससे भी बात नहीं बनी तो एक्यूआई निगरानी केंद्रों के आसपास पानी छिड़कने की मशीनें लगा दी गईं और पूरे दिन पानी छिड़का गया.
मिडिल क्लास की पीठ में छुरा घोंपा- सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार ने तीसरा फर्जीवाड़ा दिल्ली के मध्यम वर्ग के साथ किया. आम तौर पर मिडिल क्लास में भाजपा एक अलग स्थान रखती है, लेकिन जितना बड़ा छुरा भाजपा की सरकार ने मिडिल क्लास की पीठ में घोंपा, उतना बड़ा धोखा दिल्ली या देश के मिडिल क्लास के साथ कभी किसी ने नहीं किया.
फर्जी कानून बनाकर दिया मिडिल क्लास को धोखा- सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक फर्जी कानून बनाकर मिडिल क्लास को धोखा दिया. इस कानून के बाद भी प्राइवेट स्कूलों ने अपनी फीस बढ़ा दी, लेकिन सरकार ने एक भी प्राइवेट स्कूल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की.
सरकारी स्कूलों का नाम बदलने का फर्जीवाड़ा- सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने दिल्ली के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के साथ भी फर्जीवाड़ा किया. भाजपा ने सत्ता में आते ही सबसे पहले सरकारी स्कूलों का बजट कम कर दिया. उसके बाद केजरीवाल सरकार में बनाए गए शानदार ‘स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस’ (एसओई) को बंद कर दिया.
जहां झुग्गी, वहां मैदान बनाया- सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि गरीब लोगों के साथ भी एक बड़ा फर्जीवाड़ा किया गया है. चुनाव से पहले भाजपा ने 'जहां झुग्गी वहीं मकान' का वादा किया था, लेकिन चुनाव होते ही और सरकार बनते ही 'जहां झुग्गी वहां मैदान' का अभियान शुरू कर दिया और झुग्गियां तोड़नी शुरू कर दीं.
इसके अलावा मनीष सिसोदिया ने बीजेपी सरकार पर यमुना की सफाई के नाम पर भी फर्जीवाड़ा, नौजवानों के साथ फर्जीवाड़ा, बस मार्शल के साथ फर्जीवाड़ा, स्वास्थ्य सिस्टम के साथ फर्जीवाड़ा, साफ-सफाई के नाम पर फर्जीवाड़े के आरोप लगाया.
ये भी पढ़ें: