28 may rain in Delhi-NCR
28 may rain in Delhi-NCR
दिल्ली-एनसीआर में कई दिनों से पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी के बीच आखिरकार मौसम ने करवट ले ली है. 28 मई को राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं, धूलभरी आंधी और बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है. पिछले कुछ दिनों से 45 डिग्री के आसपास पहुंच रहे तापमान और लू के थपेड़ों से परेशान लोग अचानक बदले मौसम से राहत महसूस करते नजर आए. मौसम विभाग ने पहले ही इस बदलाव के संकेत दिए थे.
28 मई को IMD ने क्या चेतावनी दी थी?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 मई के लिए दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. विभाग ने चेतावनी दी थी कि राजधानी में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक, बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम विभाग ने यह भी कहा था कि हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, इसलिए लोगों को खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने को कहा गया था.
बारिश के बाद मिली गर्मी से राहत
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद के कई इलाकों में मौसम अचानक बदला. तेज गर्म हवाओं की जगह ठंडी हवा चली और बारिश ने तपिश कम कर दी. मौसम में आए इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पूर्व दिशा से आने वाली नमी वाली हवाओं को बताया गया है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इससे तापमान में 4 से 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है.
कल बिहार, बंगाल समेत इन राज्यों में हुई थी बारिश
दिल्ली से पहले बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिली थी. कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली थी. बिहार के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं बंगाल में बादलों की आवाजाही के बीच मौसम सुहाना रहा.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार 29 मई के बाद उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम और बदल सकता है. दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक भीषण लू से राहत मिल सकती है, हालांकि कुछ इलाकों में उमस बढ़ने की भी संभावना है. वहीं पूर्वी भारत के राज्यों में भी रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
ये भी पढ़ें