Weather Update
Weather Update
दिल्ली-NCR और आसपास के मैदानी इलाकों में एक बार फिर मौसम करवट ले रहा है. सोमवार शाम से ही दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद के कई इलाकों में धूल भरी आंधी चलना शुरू हो गई. मौसम विभाग ने आज भी आंधी तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है. हरियाणा में कई जिलों में गर्मी का येलो अलर्ट जारी है लेकिन जल्द ही बारिश हो सकती है जिससे लोगों को राहत मिल सकेगी.
मौसम में होने वाला है बदलाव
एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी संभव है जिसकी वजह से दिल्ली-NCR, यूपी, पंजाब और हरियाणा के तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है. मैदानी इलाकों में बदले मौसम की वजह पहाड़ों पर हो रही बारिश है. पहाड़ों पर हल्की बारिश का असर है कि मैदानी इलाकों में तापमान में पहले के मुताबिक थोड़ी कमी आई है.
हालांकि हल्की राहत के बावजूद दिल्ली में गर्मी की तल्खी बनी रहेगी जिसके लिए सावधानी बरतना जरूरी है. अस्पतालों में हीट स्ट्रोक पीड़ितों के लिए अलग से वार्ड बनाए गए हैं. स्कूलों में बच्चों को ORS घोल देने के निर्देश भी दिए गए हैं. बिजली और पानी की सप्लाई भी सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए हैं ताकि गर्मी के मौसम में दिल्ली की सेहत से समझौता ना हो.
दिल्ली वालों को मिलेगी गर्मी से राहत
दिल्ली वालों को अगले कुछ दिन गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है. मौसम के जानकारों का मानना है कि अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास रह सकता है. कुछ एक इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है साथ ही गरज के साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है. पहाड़ों पर बारिश का असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में देखने को मिलेगा.
राहत सिर्फ कुछ दिनों के लिए
पहाड़ी राज्यों में भी इसका असर देखने को मिलेगा. जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल में बारिश की संभावना है जबकि मैदानी इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ तेज हवाएं चलेंगी और आनेवाले 4-5 दिनों तक लोगों को राहत मिलेगी. तापमान में भी कमी आ सकती है. हालांकि मौसम विभाग ने ये भी साफ किया है कि ये राहत महज कुछ दिनों के लिए है क्योंकि इसके बाद सूरज अपना गर्म रूप फिर दिखाएगा. हालांकि इस पर लगाम के लिए बीच-बीच में पश्चिमी विक्षोभ आते रहेंगे.
ये भी पढ़ें: