
5 मेट्रो स्टेशन बंद
5 मेट्रो स्टेशन बंद
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन कॉकक्रोच जनता पार्टी (CJP) के 'संसद मार्च' के दौरान दिल्ली में तनाव की स्थिति बन गई. संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की और कुछ जगहों पर लाठीचार्ज भी किया गया. प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा लेकर नारेबाजी करते हुए संसद की ओर बढ़ रहे थे. सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने का असर आम लोगों की आवाजाही पर भी पड़ा है. दिल्ली मेट्रो के कई प्रमुख स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं.
रविवार रात से जंतर-मंतर पर जुटे थे प्रदर्शनकारी
संसद मार्च में शामिल होने के लिए प्रदर्शनकारी रविवार रात 11 बजे से ही जंतर-मंतर पहुंचने लगे थे. कई लोगों ने पूरी रात फुटपाथ पर बिताई. सोमवार सुबह मार्च शुरू होते ही पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई और हालात तनावपूर्ण हो गए.

संसद तक जाने वाले रास्तों पर भारी सुरक्षा
दिल्ली पुलिस का कहना है कि संसद सत्र को देखते हुए किसी भी संगठन को संसद तक मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी गई है. इसी वजह से जंतर-मंतर से संसद मार्ग तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पूरे इलाके में करीब 5 हजार पुलिसकर्मी और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात हैं. कई जगह बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है.
ये 5 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद
सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने पांच प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है. इनमें शामिल हैं-
जनपथ (Janpath)
राजीव चौक (Rajiv Chowk)
पटेल चौक (Patel Chowk)
सेंट्रल सेक्रेटेरिएट (Central Secretariat)
सेवा तीर्थ (Seva Teerth)
इन स्टेशनों पर फिलहाल यात्रियों की एंट्री और एग्जिट दोनों बंद हैं. जरूरत पड़ने पर मेट्रो ट्रेनें बिना रुके इन स्टेशनों से गुजर सकती हैं.
घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैवल एडवाइजरी
अगर आपका आज नई दिल्ली, कनॉट प्लेस, संसद मार्ग या सेंट्रल विस्टा इलाके में जाने का प्लान है, तो पहले ट्रैफिक और मेट्रो की स्थिति जरूर जांच लें. जिन लोगों को इन इलाकों में ऑफिस, कोर्ट, सरकारी दफ्तर या अन्य जरूरी काम से जाना है, वे अतिरिक्त समय लेकर निकलें और संभव हो तो वैकल्पिक मेट्रो स्टेशन या रास्तों का इस्तेमाल करें.