Delhi weather
Delhi weather
दिल्ली में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. बारिश का सुहाना दौर देखने के बाद एक बार फिर से उमस भरी गर्मी दिल्लीवालों को परेशान कर रही है. मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो दिन उत्तर पश्चिमी राज्यों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होगी. दिल्ली में मानसून 15 अगस्त के बाद से फिर सक्रिय होने की संभावना है. इससे पहले 12 अगस्त को हल्की बारिश व तेज सतही हवा चलने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक भारत में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ जाएंगी.
आज ऐसा रहेगा दिल्ली का तापमान
दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 35.2 जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आज यानी मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना है. हालांकि आंशिक रुप से बादल भी छाए रहेंगे. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 और 12 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में 25 से 35 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज सतही हवा चलेगी.
इन राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुजरात, पूर्वी महाराष्ट्र, गोवा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. 9 और 10 अगस्त को महाराष्ट्र, गोवा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी तेज बारिश की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने केरल के इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए भारी बारिश का संकेत जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.