scorecardresearch

Cyclone Arnab Impact in Delhi: क्या ओडिसा में आए अर्नब चक्रवात का दिल्ली में पड़ेगा असर, गर्मी का होगा अंत और बारिश का दौर शुरू?

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन, जिसे लोग अर्नब चक्रवाती सिस्टम के नाम से भी जान रहे हैं) के कारण मध्य और उत्तर भारत में मानसूनी नमी बढ़ी है. इसके असर से दिल्ली-NCR में 26 और 27 सितंबर को बारिश का असर बना रहेगा, हालांकि 28 सितंबर से गतिविधियां सुस्त पड़ने की संभावना जताई गई है.

Advertisement
Delhi Rain Alert Delhi Rain Alert

ओडिशा और बंगाल की तरफ बने मौसम सिस्टम का असर अब उत्तरी राज्यों के मौसम में भी दिखाई दे रहा है. यूपी, बिहार और कई राज्यों में पिछले 3-4 दिनों से आंधी-बारिश का दौर चल रहा है, जिससे लोगों को परेशानी भी हुई है. अब दिल्ली-NCR के मौसम ने भी करवट ली है. 26 सितंबर को सुबह से बादल छाए रहे और शाम होते-होते तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिल रही है.

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहा मौसम?
26 सितंबर को दिल्ली-NCR में बारिश और आंधी का असर देखने को मिला. IMD ने हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए 26 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की थी. यानी आज का मौसम अभी पूरी तरह साफ होने वाला नहीं है और बारिश पूरी रात हो सकती है.

27 सितंबर को भी बारिश का अलर्ट
वहीं आगे भी लोगों को बारिश से राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है. दिल्ली-NCR में 27 सितंबर को भी भारी बारिश हो सकती है. IMD के मुताबिक, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 27 सितंबर को भी भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में अगले दिन भी मौसम सुहाना रहने वाला है. लेकिन कुछ जगहों पर परेशानी बढ़ सकती है और जलजमाव जैसी स्थिति बन सकती है. IMD के मुताबिक, 25 सितंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिणी अंदरूनी ओडिशा के ऊपर डिप्रेशन का प्रभाव था. इसी मौसम सिस्टम से जुड़े असर के कारण मध्य और उत्तरी हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं.

28 सितंबर से क्या बदलेगा?
IMD के 26 सितंबर के अपडेट में दिल्ली-NCR के लिए 28 सितंबर से आगे कोई बारिश की चेतावनी नहीं है. यानी 26 और 27 सितंबर के मुकाबले 28 सितंबर से बारिश की गतिविधि में कमी आने के संकेत हैं. फिलहाल इतना जरूर है कि 26 और 27 सितंबर को दिल्ली-NCR में बारिश का दौर बना रहेगा. लेकिन इसे गर्मी के पूरी तरह खत्म होने का संकेत कहना अभी जल्दबाजी होगी, क्योंकि IMD ने 28 सितंबर के बाद के दिनों के लिए कोई बारिश की चेतावनी जारी नहीं की है. लेकिन फिलहाल आने वाले 1 से 2 दिन लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलती जरूर दिखाई दे रही है.
 

ये भी पढ़ें