Dhanbad-Coimbatore Amrit Bharat Express
Dhanbad-Coimbatore Amrit Bharat Express
यूपी, बिहार और झारखंड के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेवले की ओर खुशखबरी है. देश में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का कुनबा बढ़ाने में सरकार ने एक और पहल कर दी है. अब इस कुनबे में एक और नई अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल होने जा रही है. यह ट्रेन धनबाद से कोयंबत्तूर के बीच गोमो-कोडरमा-गया-डीडीयू-प्रयागराज छिवकी-जबलपुर-नागपुर के रास्ते चलाई जाएगी. इस ट्रेन के शुरू होने से खास तौर पर झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को सफर करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
धनबाद से 22 अगस्त को शुरू होगा परिचालन
इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन की जानकारी पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने दी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे धनबाद और कोयंबत्तूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने जा रहा है. यह ट्रेन गोमो, गया, डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, नागपुर, बल्लारशाह, वरंगल, विजयवाड़ा, गुडुर, काटपाडी, जोलारपेट्टै और ईरोड के रास्ते चलेगी.
धनबाद से यह ट्रेन 22 अगस्त 2026 से सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को चलेगी. वहीं कोयंबत्तूर से वापसी सेवा 25 अगस्त 2026 से प्रत्येक मंगलवार को शुरू होगी. अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच रखे गए हैं. इनमें शयनयान श्रेणी के 8 कोच, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11 कोच, एक पेंट्रीकार और दो एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं.
धनबाद से कोयंबत्तूर का ये रहेगा शेड्यूल
ट्रेन संख्या 22363 धनबाद-कोयंबत्तूर अमृत भारत एक्सप्रेस 22 अगस्त 2026 से हर शनिवार को धनबाद से 16.10 बजे खुलेगी.
इसके बाद ट्रेन 16.40 बजे नेसुब गोमो, 17.00 बजे पारसनाथ, 17.23 बजे हजारीबाग रोड और 18.02 बजे कोडरमा पहुंचेगी. इसके बाद 19.30 बजे गया, 20.21 बजे अनुग्रह नारायण रोड, 20.40 बजे डेहरी ऑन सोन, 20.56 बजे सासाराम, 21.30 बजे भभुआ रोड और 22.40 बजे डीडीयू पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन अन्य निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए सोमवार को 18.30 बजे कोयंबत्तूर पहुंचेगी.
वापसी में मंगलवार को चलेगी ट्रेन
वापसी में ट्रेन संख्या 22364 कोयंबत्तूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस 25 अगस्त 2026 से हर मंगलवार को कोयंबत्तूर से 07.50 बजे रवाना होगी.
यह ट्रेन गुरुवार को 05.05 बजे डीडीयू, 05.56 बजे भभुआ रोड, 06.30 बजे सासाराम, 06.48 बजे डेहरी ऑन सोन, 07.03 बजे अनुग्रह नारायण रोड और 08.55 बजे गया पहुंचेगी.
इसके बाद ट्रेन 10.25 बजे कोडरमा, 11.00 बजे हजारीबाग रोड, 11.18 बजे पारसनाथ और 11.48 बजे नेसुब गोमो पहुंचेगी. यहां से आगे बढ़ते हुए ट्रेन 13.00 बजे धनबाद पहुंचेगी.
ये भी पढ़ें