
Jaipur Luxury Sweets
Jaipur Luxury Sweets
दिवाली के समय शुद्ध घी की मिठाइयों की कीमत हजार या दो हजार रुपए आपने तो सुना होगा. लेकिन उनकी कीमत अगर एक लाख रुपए किलो से भी ज्यादा हो, तो हैरानी होना लाजिमी है. ऐसी ही कीमत वाली जयपुर में बनी मिठाई इस दीवाली लोगों को हैरान कर रही है. इस बार मिठाइयों को स्वाद के साथ लग्जरी और अनोखी प्रेजेंटेशन का रूप दिया जा रहा है. 'त्योहार अशर्फी' नाम की मिठाई की कीमत 1 लाख 23 हजार रुपए प्रति किलो है. सोने के सिक्के जैसी दिखने वाली इस मिठाई का एक पीस करीब 9 ग्राम का है, जिसकी कीमत 1,111 रुपए है. वहीं, नौ पीस के बॉक्स की कीमत 9,999 रुपए रखी गई है. इसके साथ ही नौ रत्नों से प्रेरित काजू कतली, सोने के वर्क वाली मिठाइयां और पटाखों की आकृति वाले गिफ्टिंग हैंपर्स भी दिवाली के लिए तैयार किए गए हैं.
सोने के सिक्के जैसी अशर्फी, एक पीस 1,111 रुपए का
जयपुर के 'त्योहार बाय अंजली जैन' की ओर से तैयार अशर्फी मिठाई पुराने समय में राजा-महाराजाओं द्वारा सोने की अशर्फियां देने की परंपरा से प्रेरित है. इसे बादाम के मिश्रण से बनाया जाता है, जिसमें खाने योग्य 24 कैरेट सोने का वर्क, स्वर्ण भस्म और उच्च गुणवत्ता वाले केसर का इस्तेमाल किया जाता है. इसका आकार गोल्ड कॉइन जैसा है और ऊपर केसर के धागों से सजावट की जाती है. इसकी कीमत 1,23,000 रुपए प्रति किलो है. एक पीस करीब 9 ग्राम का है, जबकि नौ पीस का बॉक्स 9,999 रुपए में मिलता है. इसकी पैकेजिंग भी ज्वेलरी बॉक्स जैसी रखी गई है, ताकि इसे खास मौकों पर लग्जरी गिफ्ट के तौर पर दिया जा सके. इसकी शेल्फ लाइफ करीब 15 से 20 दिन बताई जा रही है.

नौ रत्नों के रंग और फ्लेवर वाली 'नवरत्न' मिठाई
यहां काजू कतली को भी नए अंदाज में पेश किया गया है. 'त्योहार नवरत्न' में नौ पीस हैं, जिन्हें नौ रत्नों के नाम और रंगों के आधार पर तैयार किया गया है. इनमें येलो सफायर, हेसोनाइट, एमरल्ड, कोरल, रूबी, ब्लू सफायर, डायमंड, कैट्स आई और पर्ल शामिल हैं. हर पीस का फ्लेवर अलग है. येलो सफायर में केसर, हेसोनाइट में क्रैनबेरी, एमरल्ड में पिस्ता, कोरल में स्ट्रॉबेरी, रूबी में गुलाब की पंखुड़ियों और ब्लू सफायर में ब्लूबेरी का फ्लेवर रखा गया है. कैट्स आई कॉफी फ्लेवर में है, डायमंड को सिल्वर वर्क से सजाया गया है, जबकि पर्ल सादी काजू कतली है. इसकी कीमत 3,333 रुपए प्रति किलो है.
पिछले साल चर्चा में रहा था 'स्वर्ण प्रसादम'
त्योहार स्वीट्स की एक और खास मिठाई 'स्वर्ण प्रसादम' है, जिसकी कीमत 1 लाख 11 हजार रुपए प्रति किलो है. पिछले साल यह अपनी कीमत और खास सामग्री के कारण चर्चा में रही थी. इसे महंगे ड्राई फ्रूट्स और खाने योग्य 24 कैरेट सोने के वर्क से तैयार किया जाता है. इसके एक पीस की कीमत करीब 3,500 रुपए है. वहीं, चांदी भस्म से बनी मिठाई की कीमत करीब 75 हजार रुपए प्रति किलो है और एक पीस लगभग 1,550 रुपए का है. इन मिठाइयों को ज्वेलरी बॉक्स जैसी पैकेजिंग में रखा जाता है.
त्योहार स्वीट्स की संस्थापक सीए अंजली जैन के मुताबिक, उन्होंने करीब दो साल पहले इस बिजनेस की शुरुआत की थी. मिठाइयों की लागत पर चीनी के मुकाबले ड्राई फ्रूट्स की बढ़ती कीमतों का ज्यादा असर पड़ा है. यहां काजू तरबूज, काजू आम, बादाम टोकरी और अलग-अलग फ्लेवर वाली काजू कतली भी उपलब्ध हैं.

बुलेट बम, अनार और चकरी के आकार में मिठाइयां
दिवाली की थीम को मिठाइयों की प्रेजेंटेशन में भी शामिल किया गया है. खास थाल में बुलेट बम, अनार, चकरी और दीये जैसी आकृतियों में मिठाइयां सजाई गई हैं. इनका डिजाइन दिवाली के पारंपरिक उत्सव और आतिशबाजी से जुड़े प्रतीकों से प्रेरित है. इस तरह मिठाइयों को सिर्फ डिब्बे में रखने के बजाय एक आकर्षक फेस्टिव थाल का रूप दिया गया है, जिसे उपहार के तौर पर दिया जा सकता है.
पटाखों जैसी पैकेजिंग में गिफ्टिंग हैंपर्स
मिठाइयों के साथ इनकी पैकेजिंग भी खास है. आमतौर पर दिवाली पर मिठाई और ड्राई फ्रूट्स के हैंपर्स दिए जाते हैं, लेकिन यहां अनार, सूतली बम, एटम बम और बुलेट बम जैसी आकृतियों में गिफ्ट बॉक्स तैयार किए गए हैं. ये कार्डबोर्ड से बने हैं और इनके अंदर मिठाई, मेवे या चॉकलेट रखी जा सकती हैं. बम की आकृति वाले एक खास हैंपर को खोलने पर तीन स्तरों में जगह मिलती है, जिनमें अलग-अलग चीजें रखी जा सकती हैं.
इसके अलावा, एक पूरा दिवाली गिफ्टिंग थाल भी तैयार किया गया है, जिसमें तुलसी जी का स्तंभ, दीया, कलश, अनार और बम जैसी आकृतियां शामिल हैं. इन सभी को इस तरह बनाया गया है कि इन्हें खोलकर इनके अंदर गिफ्ट आइटम रखे जा सकें. लाल, हरे और सुनहरे रंगों से सजे ये हैंपर्स और थाल पारंपरिक दिवाली प्रतीकों को नए अंदाज में पेश करते हैं.
इस दिवाली जयपुर में मिठाइयों की खासियत केवल उनकी कीमत या स्वाद नहीं, बल्कि उनका अनोखा डिजाइन, अलग-अलग फ्लेवर और गिफ्टिंग का नया अंदाज भी है. एक तरफ लाखों रुपए प्रति किलो की मिठाइयां हैं, तो दूसरी तरफ पटाखों जैसी पैकेजिंग, जो दिवाली के उपहारों को अलग पहचान देती है.
ये भी पढ़ें