DMRC appeals to not create instagram reel in metro premises
DMRC appeals to not create instagram reel in metro premises
दिल्ली मेट्रो इन दिनों एक नए रील ट्रेंड को लेकर चर्चा में है. सोशल मीडिया पर कुछ लोग मेट्रो ट्रेन की खिड़की पर अपना मोबाइल फोन चिपकाकर वीडियो बना रहे हैं. इसके बाद वे मेट्रो के सामने डांस करते नजर आते हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. लेकिन अब इस ट्रेंड पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी डीएमआरसी की नजर पड़ गई है. डीएमआरसी ने ऐसे वीडियो बनाने वालों को सख्त चेतावनी दी है.
इस वायरल ट्रेंड में लोग अपना मोबाइल फोन मेट्रो ट्रेन की खिड़की के पास चिपकाते हैं. इसके बाद वे प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर डांस या कोई दूसरा वीडियो बनाते हैं. वीडियो को इस तरह तैयार किया जाता है कि देखने वाले को लगे कि फोन चलती मेट्रो के साथ चला गया है और व्यक्ति उसे पकड़ने के लिए ट्रेन के पीछे भाग रहा है.
हालांकि, कई वीडियो में फोन को ट्रेन चलने से पहले ही हटा लिया जाता है. कुछ मामलों में ट्रेन के अंदर मौजूद व्यक्ति भी वीडियो रिकॉर्ड करता है. इसके बाद अलग-अलग क्लिप को जोड़कर रील तैयार की जाती है.
यह ट्रेंड तब और ज्यादा चर्चा में आया जब दिल्ली के एक कंटेंट क्रिएटर का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ. इस वीडियो को केवल दो दिनों में 13.5 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया. लाखों लोगों ने इसे पसंद भी किया. वीडियो देखकर कई लोगों ने सवाल किया कि आखिर फोन वापस कैसे मिला. वहीं कुछ यूजर्स ने वीडियो का तरीका भी समझाया.
वायरल वीडियो के बीच डीएमआरसी ने अब इस तरह की शूटिंग को लेकर चेतावनी जारी की है. डीएमआरसी के अनुसार, मेट्रो की खिड़की पर फोन चिपकाकर वीडियो बनाने से दूसरे यात्रियों को परेशानी हो सकती है. इससे किसी यात्री को चोट लगने का खतरा भी हो सकता है. साथ ही मोबाइल फोन खराब होने के चांस भी रहते हैं.
डीएमआरसी ने साफ कहा है कि वह इस मामले को गंभीरता से देख रहा है. अगर कोई कंटेंट क्रिएटर मेट्रो परिसर में इस तरह की रील बनाते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जा सकती है. डीएमआरसी ने क्रिएटर्स से ऐसी वीडियो शूट नहीं करने की अपील की है.