DELHI UNIVERSITY dusu election 2026 abvp vs nsui manifesto
DELHI UNIVERSITY dusu election 2026 abvp vs nsui manifesto
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026-27 को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं. मतदान से पहले अगले तीन से चार दिनों तक सभी कॉलेजों में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी. विश्वविद्यालय का मकसद चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकना और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराना है. डूसू चुनाव के लिए 18 सितंबर को वोटिंग होगी.
कुलपति ने दिए सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
चुनाव की तैयारियों को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में एक संयुक्त बैठक हुई. इसमें विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कॉलेजों के प्राचार्यों, छात्रावासों के प्रोवोस्ट और वार्डन के साथ दिल्ली पुलिस के अधिकारी शामिल हुए. कुलपति ने सभी कॉलेजों को अपने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए. साथ ही, पुलिस के साथ बेहतर तालमेल के लिए हर कॉलेज में एक शिक्षक को नोडल अधिकारी बनाने को कहा गया है. प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया जाना चाहिए. उन्होंने शिक्षकों से किसी भी तरह के पक्षपात से बचने और सभी छात्रों को समान मानने की बात कही.
मतदान से एक दिन पहले पहुंचेंगी EVM
डूसू चुनाव के लिए EVM मतदान से एक दिन पहले यानी 17 सितंबर को कॉलेजों में पहुंचाई जाएंगी. इन्हें भेजने की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू होगी. नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स EVM को संबंधित कॉलेजों तक पहुंचाएंगे. 18 सितंबर को डे-क्लास के छात्रों के लिए मतदान सुबह 8.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा. वहीं, ईवनिंग क्लास के छात्र दोपहर 3 बजे से शाम 7.30 बजे तक वोट डाल सकेंगे.
मतदान खत्म होने के बाद EVM को छात्र प्रतिनिधियों और चुनाव अधिकारी की मौजूदगी में सील किया जाएगा. इसके बाद इन्हें दिल्ली विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंडोर स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में जमा कराया जाएगा.
कॉलेजों के बाहर भी पुलिस की तैनाती
चुनाव के दौरान संवेदनशील जगहों पर 18 सितंबर तक रात में पुलिस गश्त जारी रहेगी. मतदान के दिन कॉलेजों, विभागों और अन्य संस्थानों के बाहर भी पुलिस की तैनाती रहेगी. महिला कॉलेजों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी.
19 सितंबर को होगी मतगणना
डूसू चुनाव की मतगणना 19 सितंबर को दिल्ली विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में होगी. विश्वविद्यालय ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुचारु तरीके से पूरा कराने के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी हैं.
ये भी पढ़ें: