Weather Update
Weather Update
देश के कई राज्यों में आज यानी 17 मार्च को मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. मौसम से जुड़ी निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के अनुसार पंजाब और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से लगभग 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती सक्रिय है. इसके साथ ही हरियाणा और राजस्थान के ऊपर भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसके प्रभाव से कई क्षेत्रों में बादल छाने, बारिश होने और तापमान में बदलाव की संभावना जताई गई है.
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी
मौसम में आए बदलाव का असर सोमवार को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में साफ दिखाई दिया, जहां कई इलाकों में बर्फबारी हुई. बर्फ गिरने की वजह से कुछ स्थानों पर वाहन भी फंस गए और आवागमन प्रभावित हुआ. वहीं दोनों राज्यों के मैदानी इलाकों में भी भारी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग, बडगाम जिले के दूधपथरी और गांदरबल जिले के सोनमर्ग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर मध्यम स्तर की बर्फबारी हुई.
राजस्थान में बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट
राजस्थान के कई हिस्सों में सोमवार सुबह तक हल्की बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी दर्ज की गई. इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ा और राज्य में अधिकतम तापमान में लगभग 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली. राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
पंजाब में भी बारिश से ठंडक बढ़ी
पंजाब के कई जिलों में हल्की बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया. रिपोर्ट के अनुसार पठानकोट में करीब 14 मिलीमीटर और रूपनगर में 9.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा होशियारपुर और अमृतसर में भी हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई.
आज इन राज्यों में हो सकती है बारिश
स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. वहीं पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है. इसके अलावा 17 मार्च को पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और झारखंड के कुछ हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह तथा केरल में हल्की बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है, जबकि दक्षिण तमिलनाडु में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.