scorecardresearch

आप नेताओं के घर दो दिन में पड़ी तीन ईडी की रेड, बोले केजरीवाल.. छापेमारी को भारद्वाज ने बताया चुनाव की तैयारी

तीन दिन में आम आदमी पार्टी के दो नेताओं के घर ईडी की रेड पड़ी, जिसके बाद पार्टी के कई नेताओं ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की.

Sanjeev Arora (Left) and Ashok Mittal (Right) Sanjeev Arora (Left) and Ashok Mittal (Right)

पंजाब में महज तीन दिन में आम आदमी पार्टी के दो नेताओं पर ईडी की रेड होने पर पार्टी ने भाजपा शासित केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. पहले 'आप' के राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल और अब कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत तमाम नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. ईडी की रेड पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले तीन दिन में आम आदमी पार्टी के नेता पर यह दूसरी ईडी की रेड है. 

जरूरी मुद्दों की जगह, हो रही ईडी की रेड
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि आम आदमी पार्टी के नेता के यहां तीन दिन में यह दूसरी ईडी की रेड है. क्या प्रधानमंत्री जी बताएंगे कि अभी तक 'आप' नेताओं के यहां जो इतनी सारी अनगिनत रेड की हैं, उनमे कितना काला पैसा मिला? एक रुपया भी मिला? उन्होंने कहा कि हमारे देश की अर्थव्यवस्था गिरकर अब छठें स्थान पर आ गई है. रुपया लगातार कमज़ोर हो रहा है, लोगों के काम-धंधे बंद हो रहे हैं, बेरोजगारी बढ़ रही, लेकिन मोदी सरकार के पास विपक्ष के नेताओं के घर ईडी भेजने से फुर्सत नहीं है. देश ऐसे आगे बढ़ेगा?

पंजाब सिर कटा देगा, पर डर के आगे नहीं झुकेगा: मान
सीएम भगवंत मान ने एक्स पर कहा कि भाजपा शासित केंद्र सरकार लगातार लोकतंत्र की हत्या करने के प्रयास कर रही है. ईडी की छापेमारी केवल उन्हीं राज्यों में क्यों की जा रही है जहां भाजपा सत्ता में नहीं है? जनता के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले और जन कल्याण के लिए काम करने वालों को या तो ईडी के नोटिस भेजे जाते हैं या जेल में डाल दिया जाता है. लेकिन भाजपा ये याद रखें कि लोकतंत्र को भय और दबाव से कुचला नहीं जा सकता. 

भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की क्रांतिकारी भूमि से मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि जहां भी अत्याचार होगा, हम वहां मजबूती से खड़े रहेंगे. भाजपा ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग के सहारे पंजाब चुनाव जीतने का सपना देखना छोड़ दे. पंजाबी सिर कटा देगा, लेकिन डर के आगे झुकेगा नहीं. यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि अपने देश और संविधान को बचाने के लिए है, और यह संघर्ष जारी रहेगा. हम पूरी ईमानदारी के साथ देश और जनता की सेवा करते रहेंगे.

संजय सिंह ने भी घेरा भाजपा को
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक्स पर कहा कि मोदी जी के तोते सक्रिय हो गए हैं. पंजाब चुनाव के पहले कई बार तोतों को पंजाब का दौरा करना पड़ेगा. मंत्री संजीव अरोड़ा पर कार्यवाही तानाशाही है.

ईडी की रेड मतलब भाजपा की चुनाव की तैयारी: भारद्वाज
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर कहा कि ईडी ने अब पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी की है. यह एक स्पष्ट पैटर्न है. भाजपा इसी तरह राज्य चुनावों के लिए अपनी तैयारी शुरू करती है.