scorecardresearch

Baghpat: पहले खाया चिकन फ्राई.. फिर बिल देने पर दिखाई दबंगाई.. खुद को बताया 'बजरंग दल' से

खाने के पैसे मांगना पड़ा दुकानदार को महंगा, युवको ने खुद को बजरंग दल का सदस्य बता कर दी पिटाई.

पीड़ित दुकानदार सूफियान पीड़ित दुकानदार सूफियान

बागपत में चिकन फ्राई की एक प्लेट ने ऐसा बवाल खड़ा कर दिया कि मामला सोशल मीडिया की बड़ी खबर बन गया. मामले की वजह केवल चिकन फ्राई के पैसे मांगने भर थी. जिसको लेकर दुकानदार की सरेआम पिटाई कर दी गई. मामले में कुछ लोगों ने दुकान पर चिकन फ्राई खाया और बिल देने से इंकार करने लगे. 

जिसके बाद एक हिंसक विवाद खड़ा हो गया, जिसमें दुकानदार की पिटाई कर दी गई. पिटाई करने वाले लोग खुद को एक दल का सदस्य बता रहे थे. मारपीट के इस पूरे मंजर का किसी ने वीडियो बना लिया. जो वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

क्या है पूरा मामला?
बागपत जनपद के कोतवाली बड़ौत क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां चिकन शॉप चलाने वाले युवक सूफियान के साथ सिर्फ इसलिए बेरहमी से मारपीट कर दी गई क्योंकि उसने खाए गए चिकन फ्राई के पैसे ग्राहक से मांग लिए. 

क्या कहना है सूफियान का?
पीड़ित का आरोप है कि शॉप पर आए कुछ युवकों ने पहले खाना खाया और जब भुगतान की बात आई तो बात-बात में हाथापाई शुरू कर दी. सूफियान के मुताबिक मारपीट करने वाले युवक खुद को बजरंग दल का सदस्य बता रहे थे. देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और दुकान के बाहर खींचकर उसे पीटना शुरू कर दिया गया. घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

पुलिस आई एक्शन में
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद बागपत पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है. पुलिस ने अपने एक्स हैंडल के जरिए कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित थाना पुलिस को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं. फिलहाल पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

- मनुदेव की रिपोर्ट