Weather Update
Weather Update
साल 2025 के पहले दिन की शुरुआत बर्फबारी से हो रही है. अफगानिस्तान में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस हिमालय के पश्चिमी इलाकों में बर्फबारी करवाएगा. पिछले दिनों के सिस्टम से बर्फ से ढके हुए हिमालयी क्षेत्र में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण 1 जनवरी 2025 से भारी बर्फबारी होने की संभावना है. यह विक्षोभ पूर्वी अफगानिस्तान के निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तरों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय है.
1 से 3 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की और छिटपुट वर्षा या बर्फबारी हो सकती है. इसके बाद 4 से 6 जनवरी तक इस क्षेत्र में भारी वर्षा या बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है. 5 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ्फराबाद क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के आसार हैं.
उत्तर भारत में होगी बारिश
उत्तर भारत के मैदानों में जिसमें दिल्ली समेत बाकी इलाके शामिल हैं वहां 4 से 6 जनवरी 2025 के बीच हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है. इस दौरान तेज़ हवाओं के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है. तापमान और ठंड के पूर्वानुमान के अनुसार, हाल के दिनों में जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है. हालांकि, 4 जनवरी से तापमान में 3-5°C की बढ़ोतरी होने की आशंका है.
हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी दी गई है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, और हरियाणा में कोल्ड वेव की संभावना है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी 31 दिसंबर को ठंड की तीव्रता बढ़ सकती है. घने कोहरे की संभावना हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, और हरियाणा-चंडीगढ़ में 1 जनवरी तक बनी रहेगी.