scorecardresearch

वरमाला-मंगलसूत्र सब हो गया, लेकिन सिंदूरदान से पहले दुल्हन ने कह दी ऐसी बात... उल्टे पैर लौट गई बारात!

मामला गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र का है. मंगलवार की रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब जयमाला और अन्य वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन ने सिंदूरदान के समय शादी करने से साफ इनकार कर दिया. इनकार सुनते ही सबके होश उड़ गए.

 Garhwa Bride's Drama Garhwa Bride's Drama

बारात लगी, वरमाला हुआ, मंगलसूत्र तक दुल्हन पहनी लेकिन सिंदूरदान के समय दुल्हन ने शादी से कर दिया इनकार. जी हां... मामला गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र का है. मंगलवार की रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब जयमाला और अन्य वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन ने सिंदूरदान के समय शादी करने से साफ इनकार कर दिया. इनकार सुनते ही सबके होश उड़ गए.

जानकारी के अनुसार, रमना थाना क्षेत्र के बगोंधा टोला निवासी पुष्पा कुमारी, की शादी गढ़वा थाना क्षेत्र के दीपक कुमार रवि के साथ तय हुई थी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार की रात बारात पूरे गाजे-बाजे के साथ बगोंधा टोला पहुंची. बारात के स्वागत के बाद जयमाला कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ. इसके बाद विवाह मंडप में पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शादी की अन्य रस्में भी पूरी कराई गईं.

हाथ से सिंदूर हटा दिया  
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब सिंदूरदान की रस्म शुरू हुई और दूल्हा दुल्हन की मांग में सिंदूर भरने लगा, तभी दुल्हन पुष्पा कुमारी ने हाथ से सिंदूर हटाते हुए शादी करने से इनकार कर दिया. दुल्हन के इस फैसले से मंडप में अफरा-तफरी मच गई. दोनों पक्षों के परिजन एवं रिश्तेदार काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई.

नहीं मानी लड़की
घटना की सूचना मिलते ही गांव के कई ग्रामीण, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि विरंची पासवान एवं जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और लड़की को समझाने का प्रयास किया. पूरी रात पंचायत और बातचीत का दौर चलता रहा. इसके बावजूद लड़की अपने निर्णय पर अडिग रही. सुबह होने तक मामला शांत नहीं हुआ तो लड़के के पिता दशरथ राम उर्फ बसंत राम ने स्थानीय थाना को सूचना दी. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस हस्तक्षेप के बाद भी लड़की शादी के लिए तैयार नहीं हुई. अंततः काफी मशक्कत और निराशा के बाद दूल्हा पक्ष को बिना दुल्हन के ही बारात वापस लेकर लौटना पड़ा. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. ग्रामीणों के बीच यह मामला पूरे दिन चर्चा का केंद्र बना रहा. हालांकि, अभी तक शादी से मना करने का कारण सामने नहीं आया है. 

रिपोर्टर: चंदन कश्यप