Gaya Junction RPF Saves Passenger
Gaya Junction RPF Saves Passenger
गया जंक्शन पर एक बड़ा हादसा होने से उस समय टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे एक दिव्यांग यात्री का अचानक पैर फिसल गया. यात्री ट्रेन के साथ कुछ दूर तक घिसटता चला गया और उसके ट्रेन के नीचे जाने का खतरा पैदा हो गया. प्लेटफॉर्म पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने समय रहते उसे देख लिया और दौड़कर मौके पर पहुंचे. जवानों की तत्परता से यात्री की जान बच गई. पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
ट्रेन के साथ घिसटने लगा यात्री
घटना गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 की है. गया से पटना जाने वाली मेमू ट्रेन प्लेटफॉर्म से खुल ही रही थी. इसी दौरान एक दिव्यांग यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की. ट्रेन की रफ्तार बढ़ते ही उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया. यात्री ट्रेन के साथ कुछ दूरी तक घिसटता चला गया. स्थिति बेहद खतरनाक थी और उसके ट्रेन के नीचे जाने का खतरा बना हुआ था. उसी दौरान प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात RPF जवानों की नजर उस पर पड़ी.
जवानों ने दौड़कर खींच लिया बाहर
यात्री को मुश्किल में देखकर RPF के जवान तुरंत उसकी तरफ दौड़े. जवानों ने मौके पर पहुंचकर यात्री का हाथ पकड़ा और उसे अपनी ओर खींच लिया. इस तरह समय रहते यात्री को ट्रेन के नीचे जाने से बचा लिया गया. RPF जवानों की इस तत्परता की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों का भी ध्यान इस ओर गया. पूरी घटना प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसमें चलती ट्रेन के साथ गिरते यात्री और उसे बचाने के लिए दौड़ते RPF जवान दिखाई दे रहे हैं.
निजी काम से गया आए थे रमेश कुमार
बताया गया है कि दिव्यांग यात्री का नाम रमेश कुमार है और वह पटना जिले के रहने वाले हैं. रमेश कुमार किसी निजी काम से उसी सुबह गया आए थे. अपना काम पूरा करने के बाद वह वापस पटना जाने के लिए ट्रेन पकड़ना चाह रहे थे. इसी दौरान चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते समय यह घटना हो गई.
चलती ट्रेन में नहीं चढ़ने की लगातार होती है माइकिंग
गया रेलवे सुरक्षा बल थाना के इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने फोन पर बताया कि स्टेशन पर यात्रियों को लगातार चलती हुई ट्रेन में नहीं चढ़ने के लिए माइकिंग के जरिए जागरूक किया जाता है. इसके बावजूद कुछ यात्री ट्रेन के चलने के बाद उसमें चढ़ने की कोशिश करते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं. उन्होंने बताया कि आज भी एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गिर गया. प्लेटफॉर्म पर तैनात RPF जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे ट्रेन के नीचे जाने से बचा लिया.
ये भी पढ़ें