Gorakhpur viral video
Gorakhpur viral video
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है, लेकिन इस वारदात में सबसे खास बात रही दुकान मालिक की बेटी की बहादुरी. 18 साल की युवती ने बिना डरे लुटेरों का मुकाबला किया और उन्हें पकड़ने के लिए सड़क तक दौड़ लगाई. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.
यह मामला गोला थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 का है, जहां 'देवांश स्वर्णकला केंद्र' नाम से एक ज्वेलरी की दुकान है. दुकान के मालिक राकेश वर्मा उस समय अपनी बेटी की सगाई के कार्ड बांटने बाहर गए हुए थे. उनकी गैरमौजूदगी में उनकी छोटी बेटी अमृता दुकान संभाल रही थी, जो बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है.
ग्राहक बनकर आए और लूटकर भागे
अमृता के मुताबिक, दोपहर करीब 2.20 बजे दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में आए. उन्होंने जेवर दिखाने के लिए कहा. जैसे ही अमृता ने सोने के कान के झाले दिखाए, एक युवक ने अचानक झपट्टा मारकर करीब 20 ग्राम सोने के जेवर उठा लिए. इनकी कीमत लगभग ढाई से तीन लाख रुपए बताई जा रही है. इसके बाद दोनों युवक तेजी से दुकान से बाहर भागने लगे.
लुटेरों को सड़क पर पकड़कर गिराया
लुटेरों को भागता देख अमृता ने हिम्मत दिखाई और उनके पीछे दौड़ पड़ी. उसने एक लुटेरे को सड़क पर पकड़कर गिरा भी दिया और उसे पकड़ने की कोशिश की. इस दौरान उसने उसकी पिटाई भी की. हालांकि, लुटेरा किसी तरह छूटकर भाग निकला. अमृता ने काफी दूर तक दोनों बदमाशों का पीछा किया. इस संघर्ष में उसके हाथ में चोट भी आई है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि 27 अप्रैल को हुई इस घटना में दो अज्ञात आरोपी शामिल हैं. सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी मोटा और दूसरा दुबला-पतला, गमछा लगाए हुए दिखाई दे रहा है. दोनों दुकान से निकलकर दाहिनी ओर भागते नजर आए.
रिपोर्टर: गजेन्द्र त्रिपाठी
ये भी पढ़ें: