Silver Coins Found In Palanpur Debris
Silver Coins Found In Palanpur Debris
बनासकांठा के पालनपुर से एक ऐसी खबर सामने आई जिसने पूरे शहर में लोगों के बीच उत्सुकता पैदा कर दी. मानसरोवर इलाके के पास मलबे में पुराने चांदी के सिक्के मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और मलबे की खुदाई शुरू हो गई.
बताया जा रहा है कि मानसरोवर के समीप खाली पड़ी जमीन पर एक दिन पहले किसी पुराने मकान या दुकान का मलबा डंप किया गया था. इसी मलबे में पुराने चांदी के सिक्के होने की चर्चा फैल गई. सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे.
लोगों ने मलबे की खुदाई शुरू की
जिसे जहां जगह मिली, उसने मलबे की खुदाई शुरू कर दी. लोगों को जो भी सिक्के मिले, वे उन्हें अपने साथ लेकर चले गए. कुछ ही देर में यह खबर पूरे पालनपुर शहर में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचने लगे.
तरह-तरह की चर्चाएं शुरू
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उसने पड़ोसी केदारभाई और असलमभाई के पास तीन से चार चांदी के सिक्के देखे थे. आसपास के लोग मलबे में ऐसे और सिक्कों की तलाश कर रहे हैं. निवासी ने कहा कि मलबा किसी पुराने मंदिर या ध्वस्त इमारत से आया हो सकता है, जो वहां पाए गए सिक्कों का स्रोत हो सकता है.
मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही. पुराने चांदी के सिक्कों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. हालांकि सिक्के कितने पुराने हैं, वे किस समय के हैं और उनकी ऐतिहासिक या आर्थिक अहमियत क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.
रिपोर्टर: पारेशकुमार किशनलाल
ये भी पढ़ें: