scorecardresearch

Vaishali News: वैशाली में खाकी-माफिया गठजोड़ का कथित ऑडियो वायरल! PSI बोला- ऊपर तक जाता है हिस्सा, पैसे लेकर अपराधियों को भगाने का आरोप

वैशाली में पुलिस और अपराधियों के बीच कथित सांठगांठ का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है. करीब एक सप्ताह पहले महनार थाना क्षेत्र में कार्रवाई के बाद थानाध्यक्ष समेत आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था. अब महुआ थाने से सामने आए एक कथित वायरल ऑडियो ने पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है. ऑडियो में कथित तौर पर पुलिस और अवैध कारोबारियों के बीच पैसों के लेन-देन और हिस्सेदारी की बात कही जा रही है.

Advertisement
Vaishali Alleged Audio Exposes Police-Mafia Collusion Vaishali Alleged Audio Exposes Police-Mafia Collusion

बिहार के वैशाली से पुलिस महकमे को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाला एक कथित ऑडियो सामने आया है. महुआ थाने में तैनात PSI दीनबंधु कुमार का बताया जा रहा है. यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. ऑडियो में कथित तौर पर पुलिस और अवैध कारोबारियों के बीच पैसों के लेन-देन और हिस्सेदारी की बात कही जा रही है. मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं.

ऑडियो में कही गई बातों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी
वैशाली में पुलिस और अपराधियों के बीच कथित सांठगांठ का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है. करीब एक सप्ताह पहले महनार थाना क्षेत्र में कार्रवाई के बाद थानाध्यक्ष समेत आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था. अब महुआ थाने से सामने आए एक कथित वायरल ऑडियो ने पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है. वायरल ऑडियो को महुआ थाने में पदस्थापित PSI दीनबंधु कुमार का बताया जा रहा है.

ऑडियो में कथित तौर पर पुलिस विभाग में नीचे से ऊपर तक पैसों के लेन-देन और हिस्सेदारी की बात कही जा रही है. साथ ही शराब और मादक पदार्थों के कारोबार को संरक्षण देने और पैसे लेकर अपराधियों को भगाने जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ी बातें भी सुनाई देने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, ऑडियो में कही गई बातों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. 29 सितंबर 2026 को सामने आया एक दूसरा मामला भी इस पूरे प्रकरण को गंभीर बना रहा है.

लगाए गंभीर आरोप
महुआ निवासी प्रिंस कुमार, जो हीरो फिनकॉर्प में कलेक्शन एजेंट हैं, ने महुआ SDPO को आवेदन देकर PSI दीनबंधु कुमार समेत पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए थे. प्रिंस के मुताबिक, 27 सितंबर की शाम बिना नंबर की बाइक रोकने के बाद चौकीदार के बेटे गौरव ने अपर थानाध्यक्ष सोनू गुप्ता और PSI दीनबंधु कुमार को बुलाया. आरोप है कि इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई. कंपनी का आईडी कार्ड तोड़ा गया और उन्हें थाने लाकर करीब छह घंटे तक बैठाकर रखा गया. प्रिंस ने आरोप लगाया कि उनसे 25 हजार रुपए की मांग की गई और बाद में 20 हजार रुपए लेने के बाद PR बॉन्ड पर छोड़ा गया.

शिकायतकर्ता ने कथित बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग एक पेन ड्राइव के जरिए पुलिस को सौंपी है. अब इसी PSI का बताया जा रहा कथित ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, यह भी साफ है कि वायरल ऑडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी. SSP वैशाली शुभांक मिश्रा ने बताया कि ऑडियो की जांच के लिए महुआ SDPO को दिया गया है. जांच के बाद ही दरोगा के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच में ऑडियो की सत्यता, उसमें कही गई बातों और PSI पर लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जाएगी. जांच के बाद अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. 

दो पुलिस पदाधिकारी तत्काल प्रभाव से निलंबित 
वरीय पुलिस अधीक्षक ने महुआ थाना में पदस्थापित दो पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, महुआ थाना के अपर थानाध्यक्ष पुअनि सोनू कुमार गुप्ता और प्रपुअनि दीनबंधु कुमार के खिलाफ कथित तौर पर पैसे की मांग से संबंधित शिकायत मिली थी. शिकायत के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महुआ से मामले की जांच कराई गई. जांच में प्रथम दृष्टया दोनों पुलिस पदाधिकारियों के कर्तव्य निर्वहन में संदिग्ध आचरण और अनुशासनहीनता पाए जाने की बात सामने आई. जांच प्रतिवेदन के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने सोनू कुमार गुप्ता, अपर थानाध्यक्ष महुआ थाना और दीनबंधु कुमार, महुआ थाना को निलंबित कर दिया. निलंबन अवधि के दौरान दोनों पुलिस पदाधिकारियों का मुख्यालय पुलिस केंद्र, हाजीपुर निर्धारित किया गया है. पुलिस के मुताबिक, मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जा रही है.