scorecardresearch

अगले 4-5 दिन बचकर रहें! चलने वाली है भीषण लू, तेज गर्मी से कैसे बचें, क्या खाएं-पीएं, जानें जरूरी टिप्स

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, क्योंकि इस समय तापमान सबसे ज्यादा होता है. अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें, टोपी, गमछा या छाता इस्तेमाल करें. हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनें ताकि शरीर को ठंडक मिल सके.

Heatwave Alert Heatwave Alert
हाइलाइट्स
  • 44°C तक पहुंच सकता है तापमान

  • झुलसाने वाली गर्मी आने को तैयार

Delhi Heatwave: देश के कई हिस्सों में गर्मी अब तेजी से अपना असर दिखाने लगी है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में भीषण लू चलने की प्रबल संभावना है. खासतौर पर उत्तर-पश्चिम भारत जिसमें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान शामिल हैं. यहां तापमान में तेज बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. अनुमान है कि 24 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.

अगले 4 दिन पड़ेंगे लू के थपेड़े
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक गर्मी लगातार बढ़ेगी और लू चलने के आसार हैं. वहीं उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश और ओडिशा में भी अगले पांच दिनों तक हीटवेव का खतरा बना हुआ है. गंगा के मैदानी इलाकों में भी तापमान बढ़ने से हालात और कठिन हो सकते हैं.

मौसम विभाग ने हीटवेव की चेतावनी जारी की
दिल्ली और एनसीआर में तो गर्मी ने अभी से तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग ने हीटवेव की चेतावनी जारी की है. यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है, जबकि 22 अप्रैल को यह 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहने वाला है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिलेगी. हालांकि 25 अप्रैल के बाद तापमान में हल्की गिरावट की उम्मीद जताई गई है.

लू से बचने के उपाय
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, क्योंकि इस समय तापमान सबसे ज्यादा होता है. अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें, टोपी, गमछा या छाता इस्तेमाल करें. हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनें ताकि शरीर को ठंडक मिल सके.

दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, भले ही प्यास न लगे. धूप में ज्यादा देर रहने से बचें और अगर चक्कर, कमजोरी या सिरदर्द महसूस हो तो तुरंत ठंडी जगह पर आराम करें. बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का खास ध्यान रखें, क्योंकि इन पर लू का असर जल्दी होता है.

क्या खाएं और क्या नहीं
गर्मी के मौसम में खानपान का खास ध्यान रखना जरूरी है. ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ जैसे पानी, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ताजे फलों का रस लेना फायदेमंद होता है. तरबूज, खरबूजा, खीरा और ककड़ी जैसे पानी से भरपूर फल शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और गर्मी से राहत देते हैं.

वहीं तली-भुनी, मसालेदार और भारी भोजन से बचना चाहिए, क्योंकि ये शरीर में गर्मी बढ़ाते हैं. ज्यादा चाय-कॉफी और ठंडे कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का सेवन भी कम करें, क्योंकि ये शरीर को डिहाइड्रेट कर सकते हैं. बाहर का बासी खाना खाने से भी बचें, क्योंकि गर्मी में फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है.

ये भी पढ़ें: