Weather update
Weather update
देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम करवट लेता नजर आ रहा है. ठंड की विदाई के साथ ही बारिश और तेज हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के 11 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है. अलर्ट की जद में तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और ओडिशा जैसे राज्य शामिल हैं. वहीं पहाड़ी इलाकों में भी मौसम के बिगड़ने के संकेत दिए गए हैं.
सप्ताह की शुरुआत दिल्लीवासियों के लिए राहत भरी रहने वाली है. सोमवार को राजधानी में मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है. हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा दिखाई दे सकता है, लेकिन सुबह 9 बजे तक इसके छंटने की संभावना है. दिन के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा. फिलहाल दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है.
उत्तर प्रदेश में बढ़ेगा पारा, गर्मी देगी दस्तक
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश में भी मौसम शुष्क बना रहेगा. IMD के अनुसार प्रदेश में बारिश के कोई आसार नहीं हैं, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मथुरा, मेरठ, अलीगढ़, झांसी, बरेली, बांदा, चित्रकूट, बलिया, आजमगढ़ और अमेठी समेत कई जिलों में गर्मी का असर तेज होने लगेगा. दिन के तापमान में बढ़ोतरी से ठंड पूरी तरह विदा होने के संकेत हैं.
बिहार में कमजोर पड़ रही ठंड
होली से पहले बिहार में भी मौसम का रुख बदलने लगा है. राज्य में ठंड धीरे-धीरे कमजोर होती जा रही है और तापमान में इजाफा महसूस किया जाएगा. मौसम विभाग के मुताबिक पटना, गया, औरंगाबाद, दरभंगा, भागलपुर, मुंगेर, नवादा, नालंदा, जमुई, किशनगंज, गोपालगंज, बक्सर, बांका और मधेपुरा सहित कई जिलों में तापमान बढ़ेगा. इससे दिन के समय गर्मी का असर साफ नजर आएगा.
हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की आशंका
हिमाचल प्रदेश के लिए अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील बताए जा रहे हैं. 23 और 24 फरवरी को राज्य के कई इलाकों में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और धर्मशाला में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 24 फरवरी को पूरे राज्य में भारी बारिश का अनुमान है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है.
उत्तराखंड में यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
उत्तराखंड में 23 फरवरी को मौसम खराब रह सकता है. IMD ने नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, देहरादून और उत्तरकाशी में बारिश की चेतावनी जारी की है. पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण ठंड में इजाफा हो सकता है. मौसम विभाग ने 23 और 24 फरवरी को उत्तराखंड यात्रा की योजना बना रहे लोगों को मौसम अपडेट देखकर ही निकलने की सलाह दी है.
राजस्थान में बादल, लेकिन बारिश नहीं
राजस्थान में 23 और 24 फरवरी को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. दोनों दिन राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे, हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है. जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, भरतपुर, सीकर, डीडवाना, फलौदी और गंगापुर सिटी में तापमान बढ़ने का अनुमान है.
वहीं मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज अलग रहने वाला है. IMD ने रीवा, सतना, शहडोल, मंडला, बालाघाट, कटनी और जबलपुर में बारिश का अलर्ट जारी किया है. बारिश के चलते इन इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.