scorecardresearch

Weather Update 26 May: फिर बदलेगा मौसम का मिजाज! क्या आज UP-Bihar में होगी बारिश? पढ़ें Delhi-NCR से लेकर अन्य राज्यों का वेदर रिपोर्ट 

Aaj Ka Mausam 26 May 2026: देश के अधिकतर राज्यों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है. इसी बीच एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 26 मई को 13 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. आइए जानते हैं मंगलवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

Weather Update Weather Update

उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. लू और गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. दोपहर के समय तेज धूप के चलते सड़कें सूनी नजर आ रही हैं. इसी बीच एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 26 मई को 13 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान आकाशीय बिजली और वज्रपात गिरने की भी संभावना है. आइए जानते हैं मंगलवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

इन राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी 
मौसम विभाग ने मंगलवार को 13 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है. जिन राज्यों में आंधी-पानी आने की संभावना है, उनमें उत्तर प्रदेश (यूपी), बिहार, झारखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, असम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश शामिल हैं. कई राज्यों में बारिश के दौरान 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. 

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम 
दिल्ली-एनसीआर के लोग इस समय गर्मी से परेशान हैं. प्रचंड गर्मी के चलते दिन में पंखे, कूलर और एसी तक फेल हो जा रहे हैं. 26 मई को दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है लेकिन मौसम विभाग ने 29 मई को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.  मौसम विभाग के अनुसार 30-31 मई को दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. दिल्ली में 26 मई को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.

यूपी में कहीं गर्मी तो कहीं बारिश 
यूपी के लोग कुछ दिनों से गर्मी से परेशान है. मौसम विभाग का कहना है कि यूपी में मंगलवार को कहीं गर्मी पड़ेगी तो कहीं बारिश होगी. मौसम विभाग के मुताबिक 26 से 29 मई के बीच वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, कानपुर, बरेली, रामपुर, श्रावस्ती, सहारनपुर, बिजनौर, बहराइच, बलरामपुर और गोरखपुर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इस दौरान 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. 26 मई को लखनऊ का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में 26 और 27 मई को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. बिहार के जिन जिलों में मंगलवार को बारिश हो सकती है, उनमें गया, मधुबनी, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, कटिहार, वैशाली, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और भोजपुर शामिल हैं. इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. 26 मई को पटना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

झारखंड में होगी बारिश 
मौसम विभाग ने झारखंड में 26 मई को बारिश-आंधी की चेतावनी दी है. राजधानी रांची, हजारीबाग, देवघर, साहेबगंज, दुमका, पाकुर, जामताड़ा, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, सरायकेला, गिरिडीह और पश्चिम सिंहभूम में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. रांची में 26 मई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.