scorecardresearch

Punjab: बकाया वैट जमा करने का सुनहरा अवसर.. कारोबारी 31 मार्च तक कर सकते हैं एकमुश्ट निपटान.. अंतिम तारीख के बाद होगा सरकार का सख्त रुख

ओटीएस स्कीम के तहत पुराने वैट बकाए पर राहत से कारोबारों को मिला नई शुरुआत का मौका, मुकदमेबाजी से बच पाएंगे साथ ही राजस्व में होगा योगदान.

पंजाब वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा पंजाब वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा

पंजाब के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि वैट बकाए के लिए एकमुश्त निपटान (ओटीएस) स्कीम को भारी समर्थन मिला है, जिसके तहत लगभग 298.39 करोड़ रुपए के बकाए वाली 7,845 आवेदन प्राप्त हुए हैं, और 111.16 करोड़ रुपए की वसूली की जा चुकी है.

पुराने टैक्स बोझ को समाप्त करने के साथ-साथ राजस्व को बढ़ावा देने के लिए इसे एक निर्णायक कदम बताते हुए वित्त मंत्री ने चेतावनी दी कि इस राहत की समय सीमा 31 मार्च तक है, जिसके बाद सरकार सख्त वसूली मोड में आ जाएगी और इस कार्रवाई के लिए लगभग 8,000 संपत्तियों की पहले ही पहचान की जा चुकी है.

करदाताओं से की अपील
एक अपील करते हुए उन्होंने कहा, “यह स्कीम 31 मार्च, 2026 को अपने अंतिम चरण में पहुंच रही है, इसलिए सभी करदाताओं को आगे आना चाहिए और राज्य के विकास में अपना योगदान देना चाहिए. कारोबारियों को ओटीएस विंडो बंद होने से पहले लंबित वैट बकाए का निपटान कर राज्य के टैक्स ढांचे से सहज रूप से जुड़ने के इस अंतिम अवसर को नहीं गंवाना चाहिए.”

31 मार्च के बाद होगी कानूनी वसूली
वित्त मंत्री ने आगे कहा कि 31 मार्च 2026 के बाद जिन मामलों में बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया है, उनमें कानून के प्रावधानों के अनुसार वसूली की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि तैयारी के तहत, जहां भी आवश्यक हो, कार्रवाई के लिए लगभग 8,000 संपत्तियों की पहले ही पहचान की जा चुकी है.

पहल का मकसद राज्य का विकास
इस पहल के पीछे मुख्य उद्देश्य पर जोर देते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “ओटीएस स्कीम को मिला भरपूर समर्थन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की पारदर्शी और व्यापार-समर्थक नीतियों में करदाताओं के विश्वास को दर्शाता है. इस पहल का उद्देश्य राहत प्रदान करना, मुकदमेबाजी को कम करना और राज्य की राजस्व प्रणाली को मजबूत करना है.” 

उन्होंने कहा कि सरकार की यह स्कीम पुराने वैट देनदारियों के ब्याज और जुर्माने में भारी छूट देकर निपटान का सुनहरा अवसर देने के लिए बनाई गई है, ताकि कारोबारियों को साफ-सुथरे वित्तीय खातों के साथ नई शुरुआत करने में सक्षम बनाया जा सके.