scorecardresearch

Prayagraj News: बढ़ते जल स्तर ने बढ़ाई मुश्किलें, पैदा हुए बाढ़ जैसे हालात... लोग सड़कों पर दाह संस्कार करने को हुए मजबूर

संगम नगरी में बढ़ते जल स्तर से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. जिन सड़कों पर गाड़ियां चलती थीं, अब वहां केवल नाव चल पा रही है. साथ ही पानी का स्तर इतना बढ़ गया है कि लोगों के घर पानी में डूबने को तैयार हैं.

Advertisement
सड़कों पर हो रहा दाह संस्कार सड़कों पर हो रहा दाह संस्कार

संगम नगरी प्रयागराज में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. संगम क्षेत्र में पानी बढ़ने से दुकानदारों और तीर्थ पुरोहितों के तख्त और सामान पानी में डूब गए हैं. वहीं, दारागंज की सड़कों पर अब अंतिम संस्कार तक करने की नौबत आ गई है. 

मजबूरन लोगों को सड़कों पर ही अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है, हालात ऐसे हैं कि जिन सड़कों पर कभी गाड़ियां दौड़ा करती थीं, वहां अब नाव चल रही है. हालांकि दोनों नदियां फिलहाल खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं, लेकिन बढ़ते जलस्तर ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

सड़कें पर गाड़ी नहीं चल रही नाव

प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. अचानक बढ़े पानी ने संगम क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है. दुकानदारों और तीर्थ पुरोहितों के तख्त और जरूरी सामान पानी में डूब गए हैं. कई लोगों का सामान बाढ़ के पानी में बह भी गया संगम की सड़कों पर घुटनों से ऊपर तक पानी पहुंच गया है. 

यही वजह है कि कई जगह सड़कें लोगों के लिए आवाजाही का रास्ता कम और जलमार्ग ज्यादा नजर आ रही हैं. जिन रास्तों पर कभी गाड़ियां चलती थीं, वहां अब नाव चल रही है. पानी बढ़ने के कारण लोगों को सड़क पर ही स्नान करना पड़ रहा है.

पानी भरने से अंतिम संस्कार करना हुआ मुश्किल

नाग वासुकी रोड, जिसे स्थानीय लोग मरीन ड्राइव के नाम से भी जानते हैं, पूरी तरह जलमग्न हो गई है. रास्ता बंद होने के बाद लोगों को दूसरे मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है. दारागंज का दशाशुमेध घाट भी अभी पानी में डूबा हुआ है. 

हनुमान मंदिर कॉरिडोर की दीवार तक बाढ़ का पानी पहुंच चुका है. बाढ़ के पानी ने दारागंज में अंतिम संस्कार की व्यवस्था को भी प्रभावित किया है. सड़क पर पानी भरने के कारण अब यहीं अंतिम संस्कार किए जाने की तस्वीर सामने आ रही है. अचानक आई बाढ़ से स्थानीय लोगों के सामने कई तरह की मुश्किलें खड़ी हो गई हैं.

प्रशासन की लोगों से अपील है जारी

संगम नगरी में गंगा और यमुना का जलस्तर भले ही अभी खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन जिस तेजी से पानी बढ़ रहा है, उसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. प्रशासन की नजर लगातार दोनों नदियों के जलस्तर पर बनी हुई है और लोगों से सावधानी बरतने के साथ-साथ गहरे पानी में न जाने की अपील की जा रही है.

फिलहाल प्रशासन और स्थानीय स्तर पर हालात पर नजर रखी जा रही है. लोगों से अपील है कि नदी और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें.