Delhi Police (Photo: PTI)
Delhi Police (Photo: PTI)
INDIA Alliance Rally in Delhi Today: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR के खिलाफ INDIA ब्लॉक की 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली होने वाली है. इसमें कई विपक्षी पार्टियों और कार्यकर्ताओं को शामिल होने की संभावना है. ऐसे में दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक तैयारी कर रखी है ताकि आम लोगों को कोई परेशानी न हो. रैली की शुरुआत कनॉट प्लेस से होगी, यह मिंटो रोड जंक्शन से होते हुए अजमेरी गेट के रास्ते रामलीला मैदान तक पहुंचेगी. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोगों से भारी संख्या में इस रैली में शामिल होने की अपील की है.
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
इस रैली को देखते हुए रविवार को दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. रैली की जगह रामलीला मैदान को 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया है. प्रत्येक जोन की निगरानी ACP रैंक के अधिकारी करेंगे, जबकि दो जोन की जिम्मेदारी एक अतिरिक्त DCP रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है. रामलीला मैदान और मिंटो ब्रिज से मैदान तक आने वाले मार्च के रास्ते को सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा. 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियां भी तैनात रहेंगी.
200 से ज्यादा CCTV कैमरे और ड्रोन से भी निगरानी
इस रैली पर नजर रखने के लिए 200 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं. इसके अलावा ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों की मदद से भी निगरानी की जाएगी. मैदान के भीतर एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पूरे आयोजन पर नजर रखी जाएगी. दिल्ली पुलिस ने एंटी-रॉयट वाहन और अन्य निगरानी उपकरण भी तैनात करने की योजना बनाई है. प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर से जांच होगी. VIP और आम लोगों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं.
कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू
इंडिया गठबंधन की महारैली को देखते हुए रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात नियंत्रित किया जाएगा. आईटीओ, दिल्ली गेट, राजघाट, अजमेरी गेट और तुर्कमान गेट समेत कई प्रमुख चौराहों पर रास्तों में बदलाव किया जाएगा. लोगों को बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, मिंटो रोड और देशबंधु गुप्ता रोड के आसपास के रास्तों से बचने की सलाह दी गई है. एलएनजेपी और जीबी पंत अस्पतालों की ओर जाने वाली एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही के लिए खास इंतजाम किए जाएंगे. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी अपनी यात्रा पहले से तय करने की सलाह दी गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने और सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि रामलीला मैदान में रैली के लिए अनुमति दी गई है. हालांकि, मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से प्रस्तावित जुलूस के लिए कोई आवेदन नहीं मिला था.
रैली से पहले राहुल गांधी की अपील
रैली से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक वीडियो मैसेज जारी कर रैली में शामिल होने वाले लोगों से अपील की कि प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए – व्यापारियों का फायदा हो जाएगा. मैं जानता हूं, व्यापारियों को रैली नुकसान नहीं पहुंचाएगी. BJP डरी हुई है, इसलिए अफवाह फैला रही है.