Haryana Police digital safety drive 2026
Haryana Police digital safety drive 2026
साइबर अपराध, धमकी भरे कॉल और वसूली जैसे मामलों पर रोक लगाने के लिए हरियाणा पुलिस ने 'Abhedya' नाम का एक खास मोबाइल ऐप शुरू किया है. यह देश का पहला ऐसा मोबाइल प्लेटफॉर्म है, जो लोगों को संदिग्ध कॉल, मैसेज, स्टॉकिंग और डिजिटल उत्पीड़न से बचाने के लिए तैयार किया गया है. इस पहल के साथ हरियाणा इस तरह की सुविधा शुरू करने वाला पहला राज्य बन गया है.
तकनीक के जरिए मजबूत हुई पुलिसिंग
पंचकूला के पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी अजय सिंघल ने इस ऐप के फीचर्स और काम करने के तरीके की जानकारी दी. उनके साथ एडीजीपी और पुलिस कमिश्नर शिबाश कबीराज और डीसीपी सृष्टि गुप्ता भी मौजूद रहीं. डीजीपी ने बताया कि आजकल अपराधी इंटरनेट कॉलिंग, फर्जी नंबर और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर लोगों को डराने और ठगने की कोशिश करते हैं. ऐसे में यह ऐप लोगों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह काम करेगा.
सख्त नीति और स्पष्ट संदेश
डीजीपी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत इस दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं. उन्होंने साफ कहा कि जो भी व्यक्ति डर और आतंक का माहौल बनाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. यह ऐप डॉक्टर, व्यापारी, ठेकेदार और आम नागरिक सभी को सुरक्षा देने में मदद करेगा.
ऐप कैसे करता है काम
'Abhedya App' अनजान और संदिग्ध नंबरों से आने वाले कॉल और मैसेज को पहचान कर उन्हें पहले ही ब्लॉक कर देता है. यह खासतौर पर इंटरनेशनल, वर्चुअल और अनसेव्ड नंबरों पर नजर रखता है. अगर कोई नंबर संदिग्ध पाया जाता है, तो कॉल अपने आप रिजेक्ट हो जाता है और नंबर ब्लॉक हो जाता है.
इसके अलावा, यह ऐप फोन में आए संदिग्ध चैट, वॉइस मैसेज और नोटिफिकेशन को भी हटाता है, जिससे यूजर मानसिक तनाव से बचा रहता है. वहीं दूसरी ओर, ऐसे संदिग्ध कॉल करने वालों को पुलिस अपने सिस्टम के जरिए ट्रैक करती है.
डाउनलोड करने की प्रक्रिया
इस ऐप को डाउनलोड करने के लिए लोगों को अपने जिले के पुलिस अधीक्षक से संपर्क करना होगा. उनकी अनुमति के बाद ही ऐप का एक्सेस मिलेगा. यह ऐप एंड्रॉयड और आईफोन दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा.
अपराध में कमी का दावा
डीजीपी के अनुसार, हरियाणा पुलिस की सक्रियता के चलते जनवरी और फरवरी 2026 के दौरान वसूली से जुड़े कॉल में करीब 40% और कुल अपराध में 8% की कमी आई है. उन्हें उम्मीद है कि इस ऐप के जरिए साइबर अपराध और डिजिटल धोखाधड़ी पर और ज्यादा नियंत्रण किया जा सकेगा.
Abhedya 2.0 और भी मजबूत सुरक्षा के साथ
इस ऐप के अपडेटेड वर्जन 'Abhedya 2.0' की जानकारी भी दी गई. इसमें इंटरनेट कॉल के साथ-साथ सामान्य कॉल को भी कंट्रोल करने की सुविधा होगी. यूजर अपनी पसंद के अनुसार इंटरनेशनल, संदिग्ध घरेलू और प्राइवेट नंबरों को ब्लॉक कर सकेंगे, जबकि सिर्फ सेव और भरोसेमंद नंबरों से कॉल की अनुमति मिलेगी.
डिजिटल ठगी रोकने के लिए ड्यूल OTP सिस्टम
हरियाणा पुलिस जल्द ही 'ड्यूल OTP सिस्टम' भी लागू करने जा रही है, जिससे डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों पर रोक लगेगी. इसमें किसी भी ट्रांजैक्शन का OTP केवल खातेधारक ही नहीं, बल्कि उसके परिवार के किसी सदस्य को भी भेजा जाएगा. दोनों की पुष्टि के बाद ही लेन-देन पूरा होगा. शुरुआत में इस सुविधा को 60 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए लागू किया जाएगा.
सुरक्षित समाज की ओर कदम
डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस हर अपराधी को पकड़ने और कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वह 'Abhedya' ऐप का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें और सुरक्षित डिजिटल समाज बनाने में सहयोग दें. उन्होंने आगे कहा कि पुलिस अपने सेवा, सुरक्षा और सहयोग के मूल मंत्र के साथ लगातार जनता के लिए हमेशा काम करती रहेगी.
ये भी पढ़ें