PM Modi during the 8oth Independence Day celebrations
PM Modi during the 8oth Independence Day celebrations
आजादी की 80वीं वर्षगांठ को देश धूमधाम से मना रहा है. इस मौके पर पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया. इस दौरान 21 तोपों की सलामी भी दी गई. लाल किले से पीएम मोदी ने शक्ति की सप्त धारा की घोषणा की. पीएम मोदी ने भारत को 2047 तक विकसित बनाने का संकल्प लिया. चलिए आपको बताते हैं कि पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधन के दौरान कौन-कौन सी 10 बड़ी बातों का जिक्र किया.
शक्ति की सप्तधारा का फॉर्मूला-
पीएम मोदी ने अगली पीढ़ी के सुधारों को लेकर शक्ति की सप्त धारा की घोषणा की. उन्होंने भारत को विकसित बनाने के लिए 7 सूत्रीय सुधारों का संकल्प लिया. इसमें मैन्युफैक्चरिंग, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन, गति-शक्ति, रक्षा शक्ति, ग्रीन और ब्लू इकोनॉमी और भारत की सॉफ्ट पावर शामिल है. पीएम मोदी ने कहा कि पूरा वैल्यू चेन हमारा होना चाहिए. हमें कंपोनेंट भी चाहिए और हमें कंप्लीट मैन्युफैक्चरिंग भी चाहिए. कंप्लीट प्रोडक्शन भी चाहिए.
महिला आरक्षण का जिक्र-
लाल किले की प्राचीर ने पीएम मोदी ने महिला आरक्षण का जिक्र किया. उन्होने कहा कि मैं देश के सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करता हूं कि महिलाओं के सम्मान में आगे आइए. सभी सियासी दलों से आग्रह है कि समय की मांग है कि महिला आरक्षण लागू करके महिला सम्मान में आप भी जुड़िए और इसका क्रेडिट लीजिए.
नक्सलवाद के खात्मा किया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि हमने नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प लिया था. आज नक्सल क्षेत्र में नक्सल मुक्त होने के कारण विकास का तिरंगा लहरा रहा है. हमें सावधान रहने की जरूरत है. हथियारबंद नक्सल तो गए, लेकिन दिमागी नक्सल मौके की तलाश में हैं. इन दिमागी नक्सलों को पहचानना होगा.
पीएम मोदी ने किया Gen Z का जिक्र-
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के युवाओं में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का सामर्थ्य है.स्टार्टअप, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी को विकसित भारत की यात्रा के लिए महत्वपूर्ण बताया गया. पीएम मोदी ने युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का आह्वान किया.
एक करोड़ युवाओं को AI स्किल ट्रेनिंग देंगे- पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत की यात्रा में युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है. आज, लाल किले की प्राचीर से, मैं देश के युवाओं के लिए एक घोषणा करना चाहता हूं हमने संकल्प लिया है कि आने वाले एक साल में हम 1 करोड़ युवाओं को AI स्किल ट्रेनिंग देने का काम करेंगे, ताकि हमारे देश के युवाओं में AI के क्षेत्र में भी दुनिया का नेतृत्व करने की क्षमता हो.
युवाओं से पीएम मोदी की अपील-
पीएम मोदी ने कहा कि अब हम रुक नहीं सकते हैं, हमारी गति नहीं रुक सकती है. हमारी दिशा तय हो चुकी है. हमें उसे प्राप्त करके रहना है. इसके लिए हमें हमारे वर्क कल्चर को बदलना होगा, हमारे वर्क कल्चर को बदलते हुए हमें हमारी सोच को भी बदलना होगा. हमें हमारे काम की गति को भी बदलना होगा, जो काम पिछले 5-7 दशक में नहीं हुए हैं, वो काम हमें आगामी 5-7 साल में करने हैं.
छोटे सपनों से चलने वाला नहीं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि अब छोटे सपनों से चलने वाला नहीं है. हमें बड़े सपने देखने होंगे, क्योंकि बड़े सपने हमारी सोच को भी विस्तार देते हैं. हमारे संकल्प दृढ़ होने चाहिए. जब संकल्प दृढ़ होता है तो कठिनाईयों से, आपदाओं के बीच से रास्ते निकालने का सामर्थ्य अपने आप उभर कर आता है. कोई भी राष्ट्र तब महान बनता है, जब अपनी सिद्धियों को प्राप्त करता है.
2047 तक विकसित भारत का जिक्र-
पीएम मोदी ने कहा कि भारत का एक बड़ा सपना 2047 तक विकसित भारत का है. जब दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश एक विकसित देश बनने का लक्ष्य तय करता है, तो यह दुनिया को एक मजबूत संदेश देता है और दुनिया के भारत को देखने के नजरिए को बदल रहा है. मैंने जो भूमिका आपके सामने रखी है, उसके पीछे 2047 का लक्ष्य, मजबूत नींव पर खड़ा है. 2047 विकसित भारत का लक्ष्य, इन मजबूत नींव पर खड़ा है. 2047 विकसित भारत का लक्ष्य, पिछले 12 वर्षों में देशवासियों ने जो सामर्थ्य दिखाया है उस सामर्थ्य का हिस्सा है.
12 साल में डिफेंस प्रोडक्शन 4 गुना बढ़ा- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि 12 सालों में डिफेंस प्रोडक्शन करीब 4 गुना बढ़ा, खादी एवं ग्रामोद्योग का उत्पादन करीब 5 गुना हुआ, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग करीब 7 गुना बढ़ा, आधुनिक रेलवे कोच का निर्माण 21 गुना बढ़ा, मोबाइल फोन उत्पादन 33 गुना बढ़ा. इतना ही नहीं, आधुनिक युग को लेकर भी डिजिटल और इनोवेशन की दुनिया में भी हमने अपना परचम लहराया. पीएम मोदी ने कहा कि इंटरनेट यूजर्स, इंटरनेट कंज्यूमर्स करीब-करीब 4 गुना बढ़े करीब-करीब 50 गुना बढ़े, पेटेंट ग्रांट होने की संख्या 4 गुना बढ़ी, डिजिटल ट्रांजेक्शन 100 गुना बढ़े, सामान्य मानवी की सुविधा की ओर भी हमने उतनी ही गंभीरता से काम किया. हर साल औसतन 15 गुना ज्यादा तेजी से हमने नल से जल कनेक्शन दिए, हर साल औसतन 6 गुनी ज्यादा रफ्तार से लोगों को गैस कनेक्शन दिए, हर साल 4 गुनी रफ्तार से गरीबों के लिए शौचाल्य बनाने का काम किया, हर साल 3 गुना ज्यादा तेजी से गरीबों को घर देने का काम किया, देश ने गवर्नेंस में भी बहुत बदलाव लाया.
बिना नाम लिए विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी-
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10-12 साल हम लगातार 2047 के लक्ष्य को पाने के लिए दौड़ रहे हैं. हमने सोचा भी नहीं था कि हमें इसमें भी कुछ मुसीबतों को झेलना पड़ेगा. पिछले 10-12 वर्षों में हमें कितने संकटों का सामना करना पड़ा. कोरोना जैसी वैश्विक महामारी ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया. सारी अर्थव्यवस्था चरमरा गई. कोरोना से बाहर निकले तो युद्ध की विभीषिका की खबरें आने लगीं. कहीं यूक्रेन तो कहीं पश्चिम एशिया. हर जगह तनाव का माहौल. और पता नहीं भविष्यवक्ताओं ने तो क्या-क्या घोषणाएं कर दी थीं. पीएम मोदी ने कहा कि देश को डराना, देश को भयभीत करना, देश को चिंतित रखना, इसी में कई लोगों को आनंद आता है. सारी दुनिया भर की अफवाहें फैलाकर, भारत के लोगों को भयभीत करने का, डराने कर, चिंता में डुबो देने में कुछ लोगों को आनंद आ रहा था, लेकिन देश ने देख लिया कि पिछले 10-12 साल की सुविचारित योजनाएं रंग ला रही हैं.
ये भी पढ़ें: