
IAF के 94वें वर्षगांठ पर काशी में दिखा वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन
IAF के 94वें वर्षगांठ पर काशी में दिखा वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन
ऊपर नीला आसमान, नीचे कल-कल बहती पतित पावनी गंगा और बीच में परवाज करते भारतीय वायु सेना के फाइटर जेट और लड़ाकू हेलीकॉप्टर. ये तस्वीरें हैं वाराणसी में चल रहे एयर शो की. इंडियन एयरफोर्स की 94वीं वर्षगांठ पर वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित भव्य एयर शो का आज दूसरा दिन है. गंगा नदी के दोनों तटों यानी वाराणसी और चंदौली में गंगा घाटों के किनारे इस भव्य एयर शो को देखने के लिए हजारों की तादाद में लोग जुटे हैं. चूंकि यह एयर शो गंगा के ऊपर हो रहा है, इसलिए इसका नाम 'विंग्स ओवर गंगा' रखा गया है. इस एयर शो में राफेल, सुखोई, एलसीए तेजस, मिग-29, जगुआर और मिराज जैसे फाइटर जेट अपने शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं, सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम, सारंग हेलीकॉप्टर, अपाचे, चिनूक, प्रचंड और विंटेज विमान आकर्षण के प्रमुख केंद्र बने हुए हैं. इस एयर शो को देखने के लिए न सिर्फ वाराणसी और चंदौली, बल्कि आसपास के जनपदों से भी लोग पहुंचे हैं. सभी भारतीय वायु सेना के शौर्य और पराक्रम के साक्षी बन रहे हैं.

तीन दिवसीय एयर शो का रविवार को होगा समापन
दरअसल, धर्म और आस्था की नगरी काशी के नमो घाट पर एयरफोर्स की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर तीन दिवसीय एयर शो का आयोजन किया गया है. आज इस एयर शो का दूसरा दिन है. 25 तारीख यानी रविवार को इसका समापन होगा. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी एयर शो में मौजूद रहेंगे. उधर, इस एयर शो को लेकर वाराणसी के लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है. आम लोगों के साथ-साथ स्कूल के छात्र-छात्राएं भी इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए गंगा किनारे पहुंच रहे हैं. एयरफोर्स के फाइटर जेट और हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब देखकर लोग दांतों तले उंगलियां दबा रहे हैं.
लोगों का कहना है कि धर्म और आस्था की नगरी में शौर्य और पराक्रम की ऐसी गाथा लिखी जाएगी, यह उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था. इस एयर शो को देखने आए कुछ स्कूली छात्राओं, उनके टीचर्स और आम लोगों से हमने बातचीत की.
छात्राओं और टीचर्स ने बताया अपना अनुभव
11वीं की छात्रा शरण्या दुबे ने बताया कि उन्होंने राफेल और तमाम तरह के हेलीकॉप्टर देखे. उन्हें सबसे अच्छा हेलीकॉप्टर लगा, क्योंकि वह अलग-अलग रंग बिखेर रहा था और तिरंगे की आकृति बना रहा था. उन्हें यही सबसे अच्छा लगा.
नम्रता ने बताया कि उन्हें ट्राई कलर फॉर्मेशन बहुत अच्छा लगा. इस शो को लेकर उनका अनुभव काफी अच्छा रहा. उन्होंने यहां अलग-अलग तरह के हेलीकॉप्टर और फाइटर जेट देखे. बनारस में इस तरह की चीजें देखकर उन्हें काफी अच्छा लगा.

इष्प्रीत नाम की छात्रा ने बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा वे हेलीकॉप्टर अच्छे लगे, जो देश की यूनिटी को दिखा रहे थे. बनारस में ऐसा कार्यक्रम होना बहुत बड़ी बात है. उन्होंने बताया कि ये हेलीकॉप्टर अलग-अलग आकृतियां बना रहे थे. पहले तिरंगा बनाया और फिर कई दूसरी आकृतियां बनाईं. यह उन्हें बहुत अच्छा लगा.
प्रार्थना नाम की छात्रा ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि इस शो को देखकर बहुत सारे बच्चे एयरफोर्स में जाने के लिए प्रेरित होंगे. उन्हें लगता है कि लोग एयरफोर्स को करियर के रूप में पसंद करेंगे. उन्हें सबसे अच्छा सारंग हेलीकॉप्टर लगा और सूर्य किरण एरोबैटिक टीम भी बहुत अच्छी लगी.
सारा नाम की छात्रा ने बताया कि उन्हें यहां सब कुछ अच्छा लगा और हेलीकॉप्टर का शो बहुत शानदार लगा.
स्कूल की एक टीचर ने बताया कि बच्चों को यहां लाने का मकसद यह था कि वे एयरफोर्स के विमानों को देखें और उनके बारे में समझें, क्योंकि यह हमारे देश का गर्व हैं. उन्हें लगता है कि धर्म के साथ-साथ यह कार्यक्रम यूनिटी और वीरता को भी दिखाता है. यहां से यह संदेश जा रहा है कि बनारस में धर्म के साथ-साथ देश के शौर्य का भी प्रदर्शन हो रहा है.
समृत नाम की अध्यापिका ने बताया कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि इतने साल पूरे करने के बाद वायु सेना की ताकत देखने को मिल रही है. उनके मुताबिक, यह प्रधानमंत्री मोदी जी की वजह से ही संभव हो पाया है.

महिलाएं और युवा भी एयर शो देखकर हुए रोमांचित
चंदौली की रहने वाली सुनैना ने बताया कि यह शो देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा. वे परसों भी आई थीं, आज भी आई हैं और कल भी आएंगी. उन्होंने कहा कि उन्हें इससे बहुत प्रेरणा मिल रही है. भारतीय एयरफोर्स के पास बहुत अच्छे-अच्छे विमान हैं और हमारा डिफेंस सिस्टम बहुत आगे बढ़ रहा है. बनारस पूरे विश्व का एक बड़ा धार्मिक केंद्र है और यहां एयर शो होना बहुत खास है.
मीना अग्रवाल ने बताया कि उन्हें सभी हेलीकॉप्टर और फाइटर जेट बहुत अच्छे लगे.
पायल चौधरी ने बताया कि उन्हें तेजस का करतब सबसे बेहतर लगा. यहां उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है. बनारस में पहली बार ऐसा हो रहा है, इसलिए वह काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह के शो बार-बार होते रहने चाहिए. उनके लिए यह कहना मुश्किल है कि कौन-सा विमान सबसे अच्छा था, क्योंकि पहले जो देखा, वह अच्छा लगा, फिर दूसरा उससे भी अच्छा लगा और उसके बाद आया विमान उससे भी ज्यादा अच्छा लगा. उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि मोदी जी इसी तरह बनारस में कार्यक्रम करते रहें.

एक अन्य बुजुर्ग महिला ने बताया कि बनारस में पहली बार ऐसा हो रहा है और उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है.
कृष्णा नाम की महिला ने बताया कि उन्होंने पहली बार ऐसा शो देखा और उन्हें बहुत अच्छा लगा.
मुगलसराय से आए एक युवक ने बताया कि एयर शो बहुत शानदार है और इसे देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा. बनारस में पहली बार उन्हें ऐसा नजारा देखने को मिला.
आलोक पांडे नाम के एक युवक ने बताया कि काशीवासी अपने आप को काफी भाग्यशाली समझ रहे हैं कि उन्हें इस तरह का शो देखने को मिल रहा है.
ये भी पढ़ें