अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा करके दिल्ली लौट रहे यात्रियों के लिए दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने नया आदेश जारी किया है. इसके अनुसार अब दिल्ली एयरपोर्ट पर RTPCR टेस्ट के बाद कोरोना पॉजिटिव पाए जाने वाले यात्रियों और उनके कॉन्टैक्ट्स को डेजिग्नेटेड पेड या फिर फ्री फैसिलिटी में आइसोलेट किया जाएगा.
पेड फैसिलिटी के लिए दिल्ली के अलग अलग जिलों में होटल को चिन्हित किया गया है, जबकि फ्री आइसोलेशन सरकार द्वारा बनाए गए कोविड केयर सेंटर्स में होगा.
दिल्ली का कोरोना अपडेट
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में दिल्ली में 1313 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि 423 मरीजों को छुट्टी दी गई. इससे पहले बुधवार को 923 मामले सामने आए थे. विभाग ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर संक्रमित मिले 28 मरीजों को कई अस्पतालों में भर्ती किया गया है. अभी तक एयरपोर्ट पर 150 लोग संक्रमित मिल चुके हैं. अस्पतालों में भर्ती संक्रमित मरीजों में से 83 सामान्य कोविड वार्ड में हैं, जबकि 66 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं.
मेट्रो ने बदले नियम
वहीं कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मेट्रो ने भी अपने नियम काफी सख्त कर दिए हैं. अब एक मेट्रो में एक बार में सिर्फ 200 यात्री ही यात्रा कर पाएंगे. आमतौर पर एक आठ कोच वाली मेट्रो में 2400 यात्री यात्रा कर सकते थे. इसके अलावा सिटिंग कैपेसिटी भी 50 फीसदी कर दी गई है.
(पंकज जैन की रिपोर्ट)