गिरफ्तार किया गया गाइड
गिरफ्तार किया गया गाइड
ताजमहल देखने भारत आए एक आयरिश कपल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कपल ने ताजमहल की खूबसूरती की जमकर तारीफ की, लेकिन यहां टिकट लेने और गाइड के जरिए ताजमहल में एंट्री कराने के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए.
कपल ने अपने अनुभव को बताते हुए बाहर निकलने के बाद गाइड की एक्टिटी के लिए ठगी शब्द का इस्तेमाल किया. वीडियो सामने आने के बाद आगरा पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और एक गाइड को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है.
आयरिश कपल ने अपने वीडियो में ताजमहल की टिकटिंग प्रक्रिया का अनुभव साझा किया है. उनका कहना है कि टिकट लेने की प्रक्रिया को काफी मुश्किल बनाया गया है और लंबी लाइन से बचने के नाम पर उनसे करीब 1000 रुपए तक लिए जाने की बात सामने आई.
कपल के मुताबिक, कुछ गाइड विदेशी पर्यटकों को सरकारी व्यवस्था को लेकर डराते हैं और उन्हें यह विश्वास दिलाने की कोशिश करते हैं कि बिना उनकी मदद के ताजमहल में प्रवेश करना मुश्किल होगा.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो/ट्वीट का पुलिस ने 24 सितंबर 2026 को संज्ञान लिया. पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि ताजमहल के पश्चिमी गेट पर विदेशी पर्यटक से दो गाइड- मो. शादाब पुत्र शहजादउद्दीन, निवासी गढ़ैया, थाना ताजगंज और दिनेश पुत्र सुभाष चंद्र, निवासी असद गली, थाना ताजगंज- विदेशी पर्यटक को गुमराह कर बिना लाइन ताजमहल में प्रवेश कराने के नाम पर अवैध धनराशि मांग रहे थे.
मामले में पर्यटन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मो. शादाब को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. वहीं, पुलिस दूसरे गाइड दिनेश की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है. पुलिस के मुताबिक, दोनों गाइडों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के साथ उनके गाइड लाइसेंस निरस्त कराने के लिए पर्यटन विभाग को भी रिपोर्ट भेजी जा रही है.
विदेशी पर्यटकों के अनुभव का वीडियो वायरल होने के बाद अब यह मामला ताजमहल पर पर्यटकों की सुविधा, टिकट व्यवस्था और गाइडों की भूमिका को लेकर चर्चा में है. पुलिस की कार्रवाई के बाद यह भी साफ है कि पर्यटकों को गुमराह कर बिना लाइन प्रवेश कराने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप सामने आने पर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है.