scorecardresearch

जालंधर में इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी की कार से 10 लाख कैश से भरा बैग चोरी, पंचर लगवाते समय वारदात; CCTV में नाबालिग दिखा

भाटिया इलेक्ट्रॉनिक्स के गुनीत पाल सिंह ने बताया कि उनके भाई सरण पाल सिंह की गाड़ी से जिस बैग को चुराया गया, उसमें 10 लाख रुपए कैश था. घटना की सूचना पुलिस को दी गई है. वारदात के तुरंत बाद केसर पेट्रोल पंप मालिकों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करवा दी.

Advertisement
Jalandhar theft Jalandhar theft

जालंधर में बुधवार देर रात एक इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी की कार से 10 लाख रुपए कैश से भरा बैग चोरी हो गया. वारदात केसर पेट्रोल पंप के बाहर हुई. कारोबारी कार का पंचर लगवा रहा था और इसी दौरान आरोपी गाड़ी से बैग निकालकर फरार हो गया. पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है. फुटेज में एक नाबालिग बैग उठाकर ले जाता दिखाई दे रहा है.

टायर में तीन जगह सुए मारे, हवा निकलने पर रुकी कार
भाटिया इलेक्ट्रॉनिक्स के गुनीत पाल सिंह के मुताबिक, उनके बड़े भाई सरन पाल सिंह अड्डा होशियारपुर स्थित भाटिया इलेक्ट्रिक स्टोर से रोज की बिक्री का कैश लेकर निकले थे. कंपनी बाग चौक की लाइटों के पास कार का टायर प्रेशर जीरो दिखाने लगा. इसके बाद वे पंचर लगवाने के लिए केसर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे.

पंचर वाले ने टायर की जांच की तो पता चला कि उसमें किसी ने तीन जगह सुए मारे हुए थे. टायर ट्यूबलेस होने की वजह से हवा धीरे-धीरे निकली और कार करीब 2 किलोमीटर तक चलती रही. इसके बाद कारोबारी ने गाड़ी रोककर पंचर लगवाना शुरू किया.

2-3 मिनट में गायब हो गया 10 लाख का बैग
गुनीत पाल सिंह ने बताया कि उनके भाई जब कार से उतरकर टायर देखने लगे, तो इसी दौरान आरोपी ने गाड़ी से कैश वाला बैग निकाल लिया. वह महज 2-3 मिनट के लिए कार से बाहर थे. बैग में दुकान की रोजाना बिक्री के 10 लाख रुपए रखे थे. CCTV फुटेज में एक युवक बैग लेकर जाता दिखाई दे रहा है. वारदात के तुरंत बाद पेट्रोल पंप संचालकों ने CCTV फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी.

दुकान बंद करने से पहले रेकी का शक
परिवार को शक है कि आरोपी पहले से ही कारोबारी का पीछा कर रहे थे. टायर में सुए मारना और उसके बाद पंचर की दुकान के बाहर इंतजार करना इस बात की ओर इशारा करता है कि वारदात की पहले से योजना बनाई गई थी. गुनीत पाल सिंह ने कहा कि अगर शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में व्यापारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल उठता है. उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ने और शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

पुलिस को दी शिकायत
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और वारदात में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है.

रिपोर्ट- दविंदर कुमार

ये भी पढ़ें: