
झांसी में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट
झांसी में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट
नवरात्रि, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए झांसी में पुलिस और प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. कोलकाता और ग्वालियर में मंदिरों के आसपास हुए हादसों के मद्देनजर प्रमुख मंदिरों, बड़े दुर्गा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. पंचकुइयां मंदिर, लक्ष्मी मंदिर और काली मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही पंडालों में भीड़ नियंत्रण, प्रवेश और निकास के रास्तों तथा अन्य जरूरी इंतजामों पर ध्यान दिया जा रहा है. इसी क्रम में थाना प्रेमनगर क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह ने पुलिस बल के साथ संवेदनशील इलाकों और महत्वपूर्ण स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों और क्षेत्रवासियों से त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है.
संवेदनशील इलाकों में पुलिस का पैदल मार्च
आगामी त्योहारों के मद्देनजर थाना प्रेम नगर क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है. क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह ने प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर और पुलिस बल के साथ संवेदनशील क्षेत्रों, महत्वपूर्ण स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों तथा दुर्गा प्रतिमा विसर्जन मार्गों का निरीक्षण किया. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
पैदल गश्त के दौरान क्षेत्र वासियों और दुर्गा पूजा पंडालों के व्यवस्थापकों एवं आयोजकों से बातचीत कर त्योहारों को आपसी भाईचारे और धार्मिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई. पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है.
पंचकुइयां, लक्ष्मी और काली मंदिर सहित प्रमुख स्थलों पर सतर्कता
नवरात्रि के दौरान झांसी के प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. पंचकुइयां मंदिर, लक्ष्मी मंदिर, काली मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. बड़े दुर्गा पंडालों में भी सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त रखने पर जोर दिया जा रहा है.

पंडाल आयोजकों से कहा गया है कि श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाए और प्रवेश तथा निकास के रास्तों को बाधा मुक्त रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखने के साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए सुरक्षा पर नजर रखने की व्यवस्था पर भी जोर दिया जा रहा है.
विसर्जन मार्गों पर रोशनी, सफाई और बैरिकेडिंग के निर्देश
प्रेमनगर क्षेत्र में पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों का भी निरीक्षण किया. संबंधित व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं. इनमें रास्तों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, आवश्यक बैरिकेडिंग और विद्युत तारों से जुड़ी समस्याओं का समाधान शामिल है. विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने और किसी भी तरह की बाधा या दुर्घटना की आशंका को कम करने के लिए इन व्यवस्थाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पुलिस का जोर है कि आयोजक और संबंधित जिम्मेदार लोग आपसी समन्वय के साथ सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करें, जिससे प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
डीजे की आवाज और गानों पर भी रहेगी नजर
त्योहारों के दौरान डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल को लेकर भी आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं. पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि डीजे की आवाज निर्धारित मानकों और लागू नियमों के अनुरूप रखी जाए. इसके साथ ही डीजे पर बजने वाले गाने धार्मिक और पर्व की मर्यादा के अनुरूप होने चाहिए, ताकि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों और क्षेत्र में अनावश्यक विवाद की स्थिति पैदा न हो. पुलिस ने आयोजकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित करें और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो.
सुरक्षा के साथ शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह के ने बताया कि गश्त और निरीक्षण का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है. पुलिस की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, चेकिंग और आवश्यक सुरक्षा इंतजामों पर ध्यान दिया जा रहा है. नवरात्रि, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दशहरा जैसे पर्वों पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने नागरिकों और आयोजकों से सहयोग करने की अपील की है. प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दर्शन कर सकें, विसर्जन कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों और त्योहारों के दौरान झांसी में शांति, कानून-व्यवस्था तथा आपसी सौहार्द बना रहे.
ये भी पढ़ें: