सर्राफा व्यपारी को बातों में उलझाकर ठगा
सर्राफा व्यपारी को बातों में उलझाकर ठगा
मऊरानीपुर के सर्राफा बाजार में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अघोरी बाबा के भेष में एक व्यक्ति सर्राफा दुकान पर पहुंचा. कुछ ही देर की बातचीत के बाद व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान होने का दावा सामने आया. व्यापारी का आरोप है कि बाबा के भेष में आए व्यक्ति ने उसे इस तरह भ्रमित किया कि उसे कुछ देर तक घटनाक्रम का ठीक से एहसास ही नहीं हुआ. व्यापारी के मुताबिक, दुकान से करीब 10 ग्राम सोना और 17 हजार रुपये नकद लेकर वह व्यक्ति वहां से निकल गया. चोरी किए गए सोने की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है.
CCTV में दुकान के अंदर दिखा शख्स
घटना मऊरानीपुर के सर्राफा बाजार स्थित एमजी ज्वैलर्स की बताई जा रही है. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साधु के भेष में नजर आ रहा व्यक्ति दुकान के काउंटर के सामने व्यापारी से बातचीत करता दिखाई दे रहा है. फुटेज में वह काफी देर तक दुकान के भीतर मौजूद नजर आता है और काउंटर के पास सामान के साथ बातचीत करता हुआ दिखाई देता है. बाद की गतिविधियों में भी वह दुकान के अंदर मौजूद नजर आ रहा है. दुकान संचालक संतोष रैकवार के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक बाबा उनकी दुकान पर आया था. उसने पायल दिखाने की बात कही. बातचीत के दौरान व्यापारी का कहना है कि बाबा ने उसे इस तरह अपनी बातों में उलझा लिया कि वह उसके कहे अनुसार करता चला गया.
संतोष के अनुसार, उन्होंने खुद बाबा को करीब 10 ग्राम सोना और 50 हजार रुपये की गड्डी दी थी. आरोप है कि बाबा ने उसमें से करीब 17 हजार रुपये निकाल लिए और कुछ रकम वापस कर दी. बाबा के दुकान से निकलने के बाद व्यापारी को पूरे मामले का एहसास हुआ. व्यापारी ने पुलिस को सूचना देने के साथ तहरीर देकर कार्रवाई और अपना सामान बरामद कराने की मांग की है. उसका कहना है कि उसकी प्राथमिकता चोरी गया सोना और अन्य सामान वापस पाना है.
सर्राफा बाजार के पूर्व अध्यक्ष भी पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलने के बाद सर्राफा बाजार के व्यापारी मौके पर पहुंचे. बाजार के पूर्व अध्यक्ष अनिल सोनी ने बताया कि घटना दोपहर करीब 12 से सवा 12 बजे के बीच की है. उनके मुताबिक, साधु के भेष में आया व्यक्ति व्यापारी को अपनी बातों में उलझाकर सोना और नकदी लेकर वहां से निकल गया. अनिल सोनी के अनुसार, व्यक्ति दुकान से निकलने के बाद सौरभ स्वीट हाउस के पास से रिक्शे में बैठकर चला गया. उन्होंने कहा कि इन दिनों सर्राफा बाजार में भीड़ और मेले जैसा माहौल रहता है. ऐसे में पुलिस की सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.
CCTV में दिखी बाबा के भेष में शख्स की गतिविधियां
घटना के सामने आए CCTV फुटेज में साधु के भेष में एक व्यक्ति दुकान के काउंटर के सामने दिखाई दे रहा है. उसके शरीर पर धार्मिक वेशभूषा, माला और माथे पर रंग-राख जैसी सज्जा नजर आ रही है. फुटेज में वह दुकानदार के सामने हाथों से इशारे करते और बातचीत करते हुए दिखाई देता है. कुछ समय बाद वह काउंटर के सामने अपना हाथ बढ़ाता हुआ भी नजर आता है. इसके बाद वह दुकान से निकल जाता है.
सम्मोहन नहीं, बातों में फंसाकर खुद से दिए रुपए
मामले में सीओ रत्नेश्वर सिंह मऊरानीपुर का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ऐसा सामने आया है कि साधु के भेष में आया व्यक्ति दुकानदार को अपनी बातों में लेकर उससे रुपए और सामान ले गया. पुलिस अधिकारी ने सम्मोहन विद्या के इस्तेमाल की बात से इनकार किया है. पुलिस के मुताबिक, यह जानकारी भी सामने आई है कि साधु के भेष में दिखाई दे रहे व्यक्ति द्वारा अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की घटनाएं किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है. फिलहाल मऊरानीपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था. पुलिस की जांच के बाद ही घटना में चोरी गए सोने और नकदी की वास्तविक स्थिति तथा आरोपी की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें