झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने आज यानी 29 दिसंबर को अपने दो साल पूरे कर लिए. इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) एक बड़ी घोषणा की. हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार 26 जनवरी 2022 से पेट्रोल पर 25 रुपये की राहत देगी. यह सुविधा दोपहिया वाहन चालकों को ही मिलेगी. मालूम हो कि लंबे समय से राज्य में पेट्रोल पर टैक्स कम करने की मांग की जा रही थी. हेमंत सोरेने की इस घोषणा से दोपहिया वाहन चालकों में खुशी की लहर दौड़ गई है.
आने वाले 30 सालों को ध्यान में रखकर बना रहे योजनाएं : हेमंत सोरेन
झारखंड में अपनी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आने वाले 30 वर्षों के लिए हम योजनाएं बना रहे हैं. यह योजनाएं आने वाले तीस सालों में झारखंड को विकास के मामले में उस ऊंचाई पर ले जाएंगे जिसकी सभी लोग सराहना करेंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि न रुकेगा, न झुकेगा, झारखंड आगे बढ़ेगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पारा शिक्षक साल में 11 महीने धरना देते थे, हम लोगों ने उनकी मांगें पूरी कर दी है.
पत्रकार बीमा योजना लांच, 2965.22 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास
हेमंत सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पत्रकार बीमा योजना की लांचिंग की है. पत्रकारों के लिए यह बहुत ही खुशी देने वाली खबर सामने आई है. बिहार में भी इस तरह की बीमा योजना चल रही है. बहरहाल, मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने 2965.22 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास कर दिया है. बताया जा रहा कि कुल 20 योजनाओं का शिलान्यास हुआ है.
वादें पूरा करना हमारा लक्ष्य : आरपीएन सिंह
हेमंत सरकार के दो साल पूरे होने पर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी और पूर्व गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन सरकार शानदार तरीके से काम कर रही है. सरकार ने जो भी वादे किए हैं, उसे पूरा करने के बाद ही आपके बीच जाएगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक-एक कर सभी वादों पर तेजी से काम कर रही है. हर व्यक्ति का समुचित विकास ही इस सरकार का मकसद है.
मजदूरों को हेमंत सोरेन सरकार ने दिया काम
कोविड के कारण दूसरे प्रदेशों से अपने गांव लौटने वाले लोगों के लिए बिरसा हरित ग्राम योजना और फूलो झानो आशीर्वाद योजना बनाई गई. जिसका मकसद बेरोजगारों को नौकरी दिलाना था. हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार गरीबों के साथ हर क्षण खड़ी है, और आने वाले वक्त में भी ऐसा ही होगा .