scorecardresearch

Astha Singh Viral Video: 'किस जाति की हो... ठाकुर हूं...', आस्था सिंह मामले में नया मोड़, दोनों पक्ष का क्या है कहना, जानें

कानपुर में बैंक कर्मचारी के वायरल वीडियो में नया मोड़ आ गया है. वीडियो में दिखने वाली कर्मचारी आस्था सिंह ने अपने बयान के पीछे की वजह बताई. उनका कहना है कि दूसरे पक्ष ने उससे जाति पूछी थी. जबकि दूसरी पक्ष की रितु त्रिपाठी का कहना है कि उनकी तरफ से ऐसा कुछ नहीं कहा गया था.

Astha Singh Viral Video Astha Singh Viral Video

कानपुर में एचडीएफसी बैंक की महिला कर्मचारी आस्था सिंह का वीडियो वायरल मामले में नया मोड़ आ गया है. 'मैं ठाकुर हूं.. बदमाशी मत करना..' वाला वीडियो वायरल होने के बाद आस्था सिंह सामने आई हैं और इस मामले पर सफाई दी है. आस्था सिंह का कहना है कि ये बहस किसी कस्टमर के साथ नहीं हुई थी. बल्कि बैंक की एक महिला कर्मचारी रिजाइन देने आई थी. उसके पति ने कहा कि तुम्हारा नाम क्या है? तुम किस जाति की हो? इसपर मैंने बोला था कि मैं राजपूत हूं, बदतमीजी मत करना. उधर, रिजाइन देने वाली महिला कर्मचारी रितु त्रिपाठी और उसके पति रिशू मिश्रा का कहना है कि मैंने सिर्फ इतना कहा था कि आप मेरी पत्नी को इतनी देर से क्यों रोका है? इसपर बहस हो गई और इसपर वो खुद को राजपूत जाति की बताने लगी.

आस्था सिंह ने क्या दी सफाई?
एचडीएफसी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत आस्था सिंह ने वायरल वीडियो पर कहा कि जिस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, वह न तो पूरा है और न ही सच के पूरे पहलू को दिखाता है. आस्था का कहना है कि ये वीडियो जानबूझकर काटकर वायरल किया गया है, ताकि उन्हें बदनाम किया जा सके.

आस्था सिंह का कहना है कि ये वीडियो 6 जनवरी का है, जब रितु त्रिपाठी अपना रिजाइन देने बैंक आई थी. इसी दौरान उनके साथ उनके पति रिशु मिश्रा भी आ गए. उन्होंने आते ही कहा कि तुमसे कौन बदतमीजी से बात कर रहा था और मैं उनकी पत्नी ने मेरी तरफ इशारा किया, इसके बाद वह कहने लगे, तुम्हारा क्या नाम है? तुम किस जाति से हो? तुम्हारी गर्मी मैं अभी निकलता हूं. उनके ऐसे अभद्र भाषा इस्तेमाल करने पर मुझे कहना पड़ा कि मैं ठाकुर हूं.

आस्था सिंह का यह भी कहना है कि सुबह उनकी बहन आई थी. जिस पर बाथरूम से निकलते समय कपड़ा फंसने पर उनसे मेरी बहस हो गई थी. उसी का बदला वह लेने आए थे और धमकी दे रहे थे कि मैं प्रेस में हूं, मैं तुम्हारी गर्मी निकाल दूंगा. ऐसे में अगर किसी महिला से कोई ऐसे कहेगा तो महिला क्या जवाब देगी? उनका यह कहना है कि इस मामले को जबरदस्ती दूसरा रंग दिया जा रहा है. इसमें जातिवादी कारण देकर योगी जी को भी टारगेट किया जा रहा है, जो गलत है. मैंने अपना पक्ष रखा था. उनका यह भी कहना है यह वीडियो सिर्फ 45 सेकंड का वायरल किया गया है. इसके पहले जो हुआ था, वह वीडियो बैंक के सीसीटीवी में रिकॉर्ड है. उसको भी देखना चाहिए. आस्था सिंह का कहना है जिस तरह मेरी इसमें बदनामी हुई, सोशल मीडिया पर मुझको कोई कह रहा कि इसका रेप कर दो, कोई कह रहा कि बाल काट दो, मेरी बदनामी हुई है, मैं इस पर लीगल एक्शन लूंगी, क्योंकि उनके पति से मेरा कोई विवाद नहीं था. उनकी पत्नी रिजाइन देने आई थी. उनको कुछ लेट हो गया, बस इसी पर वह नाराज हो गए.

अभी क्यों वायरल किया गया वीडियो- आस्था सिंह
आस्था सिंह को इस बात का अफसोस है कि लोगों ने बगैर जाने से मुझपर कमेंट किया है. जबकि महिला कर्मचारी के पति ने जानबूझकर ये वीडियो वायरल किया. यह वीडियो 6 जनवरी का था. अगर कुछ बात थी तो इस समय इनका वीडियो रिलीज करना चाहिए था. इनका यह भी कहना है कि उस दिन जब यह तकरार हुई थी, तभी मैं बैंक के ईमेल पर शिकायत रिकॉर्ड कर दी थी. इतने दिन वह इसलिए चुप रहे, क्योंकि उनका बिल फाइनल होना था. अब जब पैसा मिल गया होगा, इसीलिए उन्होंने वीडियो रिलीज किया है. इसकी जांच होनी चाहिए, उसपर कार्रवाई की जानी चाहिए.

रिजाइन करने वाली महिला का क्या कहना है?
बैंक से रिजाइन देने आई महिला का नाम रितु त्रिपाठी है.रितु और उनके पति रिशु मिश्रा का कहना है कि मैंने उनसे उनकी जाति नहीं पूछी थी. वह मेरी पत्नी को रिजाइन देने के बावजूद काफी देर तक रोक रहे थे. वह परेशान हो रही थी. इसके पहले सुबह मेरी बहन का टॉयलेट जाने पर रिलेशन मैनेजर से विवाद हो गया था. मैंने उनसे कहा कि मेरी बहन-पत्नी को आप इतनी देर तक क्यों रोक हैं? बस इसी पर बहस हो गई. वह खुद अपनी तरफ से ठाकुर बताने लगी. 

देर से वीडियो वायरल करने के सवाल पर रितु तिपाठी का कहना है कि जब बैंक ने आस्था सिंह पर अपनी तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की,  तो मैंने इसको मीडिया में रिलीज कर दिया. 

जाति पूछने के सवाल पर रितु त्रिपाठी और रिशु मिश्रा का कहना है हमने ऐसा कुछ नहीं कहा कि सारी बातें की सच्चाई अगर सामने लानी है तो बैंक में सीसीटीवी लगे हैं. उनको चेक कर लिया जाए. सीसीटीवी चेक करने की बात खुद आस्था सिंह भी कह रही है. अब देखना है कि एचडीएफसी बैंक के अधिकारी क्या करते हैं. इस बहस के दौरान बैंक के अधिकारी भी वहां मौजूद थे.

(रंजय सिंह की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: