Khagaria Junction
Khagaria Junction
ट्रेन में कोई चोर खिड़की के बाहर से आपका फोन झपटकर भाग जाएं, तो शायद आपके लिए उसको पकड़ना मुश्किल हो जाएगा. लेकिन एक मामला ऐसा भी सामने आया जहां चोर को फोन झपटना भारी पड़ गया. चोर की इस कोशिश में न तो फोन उसके हाथ लगा, उलटा पुलिस के हत्थे चढ़ा. साथ ही एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन खिड़की से लटके-लटके भी पहुंचा.
दरअसल कटिहार रेलखंड के मानसी स्टेशन पर एक युवक के फोन को ट्रेन की खिड़की के बाहर से एक चोर ने झपटने की कोशिश की. लेकिन जैसे ही युवक ने झपट्टा मारा, यह उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हो गई. वह अपनी इस कोशिश में फेल हो गया. हुआ ऐसा कि जैसे ही उसने फोन पर झपट्टा मारा तो ट्रेन के यात्री चोर पर टूट पड़े. साथ ही बोगी के कई यात्रियों ने चोर के एक हाथ को खिड़की के अंदर से पकड़ लिया. चोर ने अपने हाथ को यात्रियों के चंगुल से छुड़वाने की काफी कोशिश की, लेकिन छुड़वा नहीं पाया.
चोर को ट्रेन की बोगी में सवार यात्रियों ने हाथ से पकड़कर रखा. इस दौरान चोर खिड़की से लटके-लटके मानसी स्टेशन से खगड़िया स्टेशन तक पहुंच गया. इस दौरान चोर के अन्य साथियों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया. लेकिन चोर यात्रियों के चंगुल से मुक्त नहीं हो पाया. इधर ट्रेन में लटकते हुए उसका किसी ने वीडियो भी बना लिया जो वायरल हो चुका है.
खगड़िया GRP थाना के थानाध्यक्ष मोहम्मद अलाउद्दीन के मुताबिक वायरल वीडियो में दिख रहा युवक भागलपुर के नौगछिया का रहने वाला है. युवक मानसी स्टेशन पर जनहित एक्सप्रेस में खिड़की के बाहर से एक यात्री का मोबाइल छीनने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान रेल यात्रियों ने उसे पकड़ लिया और रेल पुलिस के हवाले कर दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी मोहम्मद फखरुद्दीन उर्फ छोटू को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.