LPG Crisis Impact
LPG Crisis Impact
इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध का असर अब भारत में भी दिखने लगा है. देश के कई हिस्सों में एलपीजी की कमी की आशंका के चलते गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं. इसी संकट को देखते हुए Indian Railway Catering and Tourism Corporation (आईआरसीटीसी) ने भी रेलवे स्टेशनों पर संचालित किचन के लिए नया निर्देश जारी किया है.
आईआरसीटीसी ने कहा है कि रेल यात्रियों के लिए पकाए जाने वाले खाने को अब एलपीजी की जगह माइक्रोवेव ओवन और इंडक्शन चूल्हों पर तैयार किया जाए, ताकि गैस पर निर्भरता कम की जा सके.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रियलिटी चेक
इस निर्देश के बाद हमारी टीम ने देश के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में शामिल Pandit Deen Dayal Upadhyay Junction पर आईआरसीटीसी द्वारा संचालित फूड प्लाजा का रियलिटी चेक किया.
यह स्टेशन Delhi-Howrah रेल रूट का महत्वपूर्ण जंक्शन है, जहां हर दिन हजारों यात्री गुजरते हैं. जांच के दौरान पाया गया कि यहां फूड प्लाजा के किचन में अभी भी एलपीजी सिलेंडर से ही खाना पकाया जा रहा है. जब इस बारे में फूड प्लाजा के मैनेजर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि आईआरसीटीसी का नया निर्देश हाल ही में मिला है और उसके अनुसार तैयारी की जा रही है.
दो दिन पहले मिला निर्देश
फूड प्लाजा के मैनेजर संदीप यादव के मुताबिक, 'करीब दो दिन पहले आईआरसीटीसी से निर्देश मिला है कि यात्रियों के लिए तैयार होने वाला भोजन माइक्रोवेव ओवन और इंडक्शन चूल्हे पर बनाया जाए. फिलहाल हमारे पास एलपीजी का पुराना स्टॉक मौजूद है, इसलिए उसी से खाना बनाया जा रहा है.'
उन्होंने बताया कि ओवन और इंडक्शन चूल्हे का ऑर्डर भी दे दिया गया है. जैसे ही मौजूदा एलपीजी स्टॉक खत्म होगा, किचन को नए सिस्टम पर शिफ्ट कर दिया जाएगा.
हालांकि मैनेजर ने इस बदलाव को लेकर चिंता भी जताई है. उनका कहना है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन जैसे बड़े स्टेशन पर रोज बड़ी संख्या में यात्रियों को खाना और नाश्ता सप्लाई किया जाता है. ऐसे में केवल माइक्रोवेव और इंडक्शन चूल्हों पर इतनी बड़ी मात्रा में खाना तैयार करना आसान नहीं होगा. इससे सप्लाई और किचन संचालन पर असर पड़ सकता है.
सरकार से एलपीजी सप्लाई की मांग
फूड प्लाजा प्रबंधन का कहना है कि अगर एलपीजी की नियमित सप्लाई मिलती रहे तो यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराने में ज्यादा दिक्कत नहीं होगी.