LPG Cylinder new rules
LPG Cylinder new rules
गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले करोड़ों लोगों के लिए जरूरी खबर है. 1 मई से LPG सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी से जुड़े कुछ नियम बदल सकते हैं. इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा. इसलिए पहले से इन नियमों को समझ लेना जरूरी है, ताकि बाद में गैस लेने में कोई परेशानी न हो.
बुकिंग के बीच बढ़ सकता है गैप
नए नियमों के तहत दो सिलेंडर बुकिंग के बीच का अंतर बढ़ाया जा सकता है. शहरों में यह गैप करीब 25 दिन तक और गांवों में 45 दिन तक हो सकता है. इसका मतलब है कि अब आपको गैस का इस्तेमाल सोच-समझकर करना होगा, ताकि सिलेंडर खत्म होने से पहले नया बुक न कर पाने की समस्या न आए.
OTP के बिना नहीं मिलेगी डिलीवरी
अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी OTP के जरिए ही होगी. जब डिलीवरी बॉय सिलेंडर लेकर आएगा, तो आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा. यह OTP बताने के बाद ही सिलेंडर दिया जाएगा. इसका मकसद गलत डिलीवरी और फर्जीवाड़े को रोकना है.
eKYC कराना हो सकता है जरूरी
सरकार LPG सेवाओं को ज्यादा पारदर्शी बनाने के लिए eKYC को अनिवार्य कर सकती है. खासकर जो लोग सरकारी सब्सिडी का फायदा लेते हैं, उन्हें आधार आधारित eKYC कराना जरूरी हो सकता है. अगर आपने eKYC पूरा नहीं किया, तो आपकी गैस सप्लाई रुक भी सकती है.
नियमों के साथ-साथ गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है. हाल ही में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में करीब 60 रुपए की बढ़ोतरी हुई है. आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय बाजार और सप्लाई के दबाव के कारण कीमतें और बढ़ सकती हैं.
PNG लगवाना भी ऑप्शन
सरकार धीरे-धीरे पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को बढ़ावा दे रही है. जिन इलाकों में PNG की सुविधा उपलब्ध है, वहां लोगों को इस विकल्प को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है. भविष्य में कुछ जगहों पर LPG की सप्लाई भी PNG अपनाने से जुड़ सकती है.
कैसे करें गैस सिलेंडर की बुकिंग
नियमों में बदलाव के बावजूद गैस बुक करना अभी भी आसान रहेगा. आप WhatsApp, SMS, मिस्ड कॉल, IVRS या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए सिलेंडर बुक कर सकते हैं. ध्यान रखें कि बुकिंग हमेशा अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ही करें.
क्यों जरूरी है पहले से तैयारी?
इन बदलावों का मकसद सिस्टम को बेहतर और पारदर्शी बनाना है, लेकिन अगर आप नियमों से अनजान रहे, तो आपको दिक्कत हो सकती है. इसलिए अभी से eKYC पूरा कर लें, गैस का इस्तेमाल प्लान करके करें और OTP सिस्टम के लिए तैयार रहें.
ये भी पढ़ें: