हीरे की तलाशी
हीरे की तलाशी
मध्य प्रदेश के पन्ना में बारिश के साथ एक बार फिर नदी की चाल में हीरे तलाशने का सिलसिला शुरू हो गया है. रूंझ नदी की चाल में हीरा मिलने की उम्मीद लेकर सैकड़ों लोग नदी किनारे पहुंच गए. कोई टेंट लगाकर डेरा जमाए बैठा था, तो कोई रेत और मिट्टी को खंगालकर हीरे तलाश रहा था. मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटा दिया.
रूंझ नदी की चाल में जुटी लोगों की भीड़
पन्ना के विश्रामगंज रेंज में रूंझ डैम के डूब क्षेत्र के पास रूंझ नदी की चाल में अचानक लोगों की भीड़ जुट गई. बारिश के बाद नदी में हीरे मिलने की उम्मीद में बुंदेलखंड के अलग-अलग इलाकों से लोग यहां पहुंचने लगे. उत्तर प्रदेश के बांदा, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और दमोह सहित आसपास के इलाकों से आए लोग नदी की चाल में हीरे तलाशते नजर आए. कई लोगों ने तो मौके पर अस्थाई टेंट लगाकर डेरा भी जमा लिया.
सालों से बारिश के बाद हीरे खोज रही हैं श्याम बाई
हीरे खोजने वाली पन्ना की श्याम बाई बताती हैं कि वह सालों से बरसात के बाद इस नदी में हीरे तलाशने आती हैं. इस बार भी वह आई हैं, लेकिन अभी तक कोई बड़ा हीरा उनके हाथ नहीं लगा है. छोटे-छोटे हीरे मिलते हैं, जिससे कुछ खास नहीं होता. वह बताती हैं 'यह बहुत दूर-दूर से गंज बमीठा और मुंबई तक से लोग हजारों में आते हैं'
वन विभाग ने पार्वती कोदर को भी हटाया
पुराने पन्ना की पार्वती कोदर बताती हैं कि इस बार उन्हें काफी परेशानी हो रही है. वन विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें हीरा खोजने से भगा दिया और वह केवल पांच तल्लियां ही खोज पाईं.
वन क्षेत्र में भीड़ से सुरक्षा का खतरा
बताया जा रहा है कि बारिश के मौसम में हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां हीरे की तलाश में पहुंचते हैं. हालांकि, वन क्षेत्र में इस तरह भीड़ जुटने से वन्यजीवों की सुरक्षा और लोगों की जान को भी खतरा बना रहता है. इलाके में जहरीले जीवों के अलावा जंगली जानवरों की मौजूदगी भी रहती है. ऐसे में वन विभाग ने इसे गंभीरता से लिया.
वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर खाली कराया इलाका
उत्तर वन मंडल के डीएफओ धीरेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विश्रामगंज रेंजर राहुल सिंह सिकरवार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने लोगों को समझाइश दी और नदी किनारे जमा भीड़ को वहां से हटाया. इसके साथ ही पूरे इलाके को खाली कराया गया और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है.
हीरे की तलाश में हर साल पहुंचते हैं लोग
पन्ना की धरती हीरों के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. यही वजह है कि बारिश के बाद नदी-नालों की चाल में हीरे मिलने की उम्मीद लोगों को यहां खींच लाती है. लेकिन हीरे की तलाश में जान जोखिम में डालना कितना सुरक्षित है, यह सवाल भी बना हुआ है. फिलहाल वन विभाग ने रूंझ नदी क्षेत्र से भीड़ को हटा दिया है और इलाके में निगरानी बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें